नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग (यूपीकेएल) ने अपने दूसरे सीजन में दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया हासिल की है। सीजन 2 ने पूरे भारत (2+) में 4 करोड़ की संचयी रीच के साथ 120 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की।सीजन-2 के लिए औसत मिनट दर्शक संख्या (एएमए) 90.8 रही, जो लीग के प्रति बढ़ती लोकप्रियता, आकर्षण और दर्शक रुचि को दर्शाती है। सीजन एक ने 1.82 करोड़ की संचयी रीच और 49 की एएमए दर्ज की थी। जी एंटरटेनमेंट के विशेष प्रसारण साझेदार के रूप में सीजन-2 का प्रसारण हिंदी और अंग्रेजी में जी अनमोल सिनेमा-2 और एंड पिक्चर्स एचडी पर किया गया तथा इसका आयोजन नोएडा इंडोर स्टेडियम में हुआ था।यूपीकेएल सीजन-2 की सफलता पर एसजे अपलिफ्ट कबड्डी के संस्थापक एवं निदेशक संभव जैन गुरुवार को कहा कि सीजन-2 ने यूपीकेएल की यात्रा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाया है। हमारा ध्यान एक पेशेवर रूप से संरचित लीग के निर्माण पर रहा है, जो क्षेत्रीय विकास को सुदृढ़ करे और कबड्डी प्रतिभाओं के लिए स्थायी अवसर प्रदान करे। हम लीग के दौरान सहयोग के लिए जी स्पोर्ट्स टीम के आभारी हैं और एक दीर्घकालिक साझेदारी की आशा करते हैं।एसजे अपलिफ्ट कबड्डी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित यूपीकेएल का उद्देश्य उच्च गुणवत्ता वाली प्रतिस्पर्धी कबड्डी के माध्यम से जमीनी स्तर से पेशेवर स्तर तक की संरचना को सशक्त करना है। सीजन-2 में कुल 66 लाइव मैच प्रसारित किए गए, जबकि सीजन एक में 55 मैच प्रसारित हुए थे। सीजन-2 में चार नई टीमों कानपुर वॉरियर्स, अलीगढ़ टाइगर्स, पूर्वांचल पैंथर्स और गजब गाजियाबाद को शामिल किया गया था, जिससे कुल टीम फ्रेंचाइजी की संख्या 12 हो गई थी। इसके अतिरिक्त अभिनेता तुषार कपूर गजब गाजियाबाद फ्रेंचाइजी के सह-मालिक के रूप में जुड़े। 25 दिसंबर, 2025 को शुरू हुए इस सीजन के फाइनल में 10 जनवरी को काशी किंग्स ने ट्रॉफी अपने नाम की थी।————–
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal