लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल, पलटन छावनी शाखा में शनिवार को “साइंस एक्सपो” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI): विज्ञान की दुनिया में वरदान या अभिशाप” रहा।
इस अवसर पर जीव विज्ञान के प्रवक्ता विश्वास वर्मा ने विद्यार्थियों को बताया कि एआई की सहायता से कम समय में सटीक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। चिकित्सा के क्षेत्र में एआई का बड़े पैमाने पर उपयोग हो रहा है। जांच से संबंधित अनेक ऐप विकसित किए जा रहे हैं, जिनसे जांच प्रक्रिया सरल होती जा रही है तथा रिपोर्ट कम समय और कम खर्च में उपलब्ध हो पा रही है। इससे रोग की स्थिति को समझने में भी काफी मदद मिल रही है।

भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता शैलेंद्र सिंह ने बताया कि एआई तकनीक से मौसम की अधिक सटीक जानकारी प्राप्त होती है। इससे तूफान, भारी वर्षा, ज्वार-भाटा जैसी प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को पहले से भांपकर बचाव संभव हो पाता है। उन्होंने बताया कि एआई किसानों को अच्छी पैदावार लेने में भी सहायक सिद्ध हो रहा है। इसके माध्यम से मानव जीवन के विभिन्न पहलुओं तथा जीव-जंतुओं की जीवनचर्या से संबंधित जानकारी भी आसानी से प्राप्त की जा सकती है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एआई गणितीय सूत्रों और डेटा पर आधारित अध्ययन है, जो सटीक परिणाम देने में सक्षम होता है। यह रोबोटिक्स के क्षेत्र में वरदान है, लेकिन रोजगार की दृष्टि से कुछ हद तक चुनौती भी बन सकता है। हालांकि एआई से जुड़े क्षेत्रों में नए रोजगार के अवसर भी तेजी से बढ़ रहे हैं।
कार्यक्रम में उप प्रधानाचार्य शैलेंद्र सिंह, इंचार्ज दिनेश सिंह, गणित प्रवक्ता अनिल सिंह, रसायन विज्ञान प्रवक्ता अखिलेश उपाध्याय, अंग्रेजी प्रवक्ता अरविन्द दीक्षित सहित अन्य वरिष्ठ शिक्षक उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal