Thursday , February 19 2026

रोनाल्डो की गैरमौजूदगी में अल नासर ने एएफसी चैंपियंस लीग-2 के क्वार्टरफाइनल में बनाई जगह

रियाद : पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो की गैरमौजूदगी में सऊदी अरब के क्लब अल नासर ने एएफसी चैंपियंस लीग-2 फुटबॉल टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। अल नासर ने तुर्कमेनिस्तान के क्लब आर्कादाग को 1-0 से हराकर दो मुकाबलों के कुल योग में 2-0 से जीत दर्ज की।41 वर्षीय रोनाल्डो इस मुकाबले में टीम का हिस्सा नहीं थे और स्टैंड्स से मैच देखते नजर आए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें सऊदी प्रो लीग और एएफसी चैंपियंस लीग-2 के आगामी अहम मुकाबलों को ध्यान में रखते हुए आराम दिया गया है। दिसंबर 2022 में रियाद स्थित अल नासर से जुड़ने के बाद वह अब तक कोई बड़ा खिताब नहीं जीत पाए हैं।क्वार्टरफाइनल में अल नासर का सामना संयुक्त अरब अमीरात के क्लब अल वस्ल से होगा। दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला 3 मार्च को खेला जाएगा।वहीं, शीर्ष स्तरीय एएफसी चैंपियंस लीग एलीट टूर्नामेंट में पूर्वी क्षेत्र से जापान के तीन और दक्षिण कोरिया के दो क्लब अंतिम-16 चरण में पहुंचे हैं। मलेशिया का जोहोर दारुल ताज़िम और थाईलैंड का बुरिराम यूनाइटेड भी अगले दौर में पहुंचने में सफल रहे, जबकि ऑस्ट्रेलिया का मेलबर्न सिटी 2016 के बाद अंतिम-16 में जगह बनाने वाली दूसरी ऑस्ट्रेलियाई टीम बना।पश्चिमी क्षेत्र में सऊदी अरब के क्लबों का दबदबा देखने को मिला। अल हिलाल, अल अहली और अल इत्तिहाद शीर्ष चार में रहे। ईरान का ट्रैक्टर क्लब तीसरे स्थान पर रहा, जबकि कतर के अल दुहैल और अल साद के साथ अल वहदा ने भी अंतिम-16 में जगह बनाई। अंतिम-16 के पहले चरण के मुकाबले 2 और 3 मार्च को खेले जाएंगे।—————