कोलकाता : इंग्लैंड ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में यूरोपीय प्रतिद्वंद्वी इटली को 24 रन से मात देकर सुपर-8 में जगह बना ली।सोमवार को कोलकाता के ईडन गार्डन में खेले गए मुकाबले में विश्व कप में पदार्पण कर रही इटली ने इंग्लैंड को कड़ी टक्कर दी, लेकिन अंततः अनुभव का पलड़ा भारी रहा।203 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटली की शुरुआत बेहद खराब रही। जोफ्रा आर्चर ने पहले ही ओवर में एंथनी मोस्का और जेजे स्मट्स को पवेलियन भेजकर दबाव बना दिया। इसके बाद जेमी ओवर्टन ने हैरी मैनेंती को आउट कर इंग्लैंड की पकड़ मजबूत कर दी।हालांकि जस्टिन मोस्का और बेन मैनेंती ने चौथे विकेट के लिए तेज अर्धशतकीय साझेदारी कर मैच में जान फूंक दी। मैनेंती ने सिर्फ 22 गेंदों में टूर्नामेंट का अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया और 25 गेंदों पर 60 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनके आउट होते ही रनगति बढ़ने लगी और दबाव फिर इटली पर आ गया।आखिरी चार ओवर में 65 रन की जरूरत थी, तभी ग्रांट स्टुअर्ट ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए लगातार छक्के जड़ दिए। 23 गेंदों पर 45 रन की उनकी पारी ने इंग्लैंड खेमे की धड़कनें बढ़ा दीं। लेकिन सैम करन ने 19वें ओवर में स्टुअर्ट को आउट कर मुकाबले पर शिकंजा कस दिया। अंतिम ओवर में ओवर्टन की दो विकेट मेडन गेंदबाजी ने इटली की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया। इटली की टीम 20 ओवर में 178 रन पर सिमट गई।जैक्स का तूफान, इंग्लैंड 200 के पारइससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 202 रन बनाए। फिल सॉल्ट ने तेज शुरुआत की, लेकिन कप्तान जोस बटलर एक बार फिर सस्ते में आउट हो गए। मध्य ओवरों में इंग्लैंड की रनगति धीमी पड़ी और 10 ओवर के बाद स्कोर ज्यादा प्रभावशाली नहीं था।105/5 की स्थिति में विल जैक्स और सैम करन ने पारी संभाली। 16वें ओवर में जैक्स ने बेन मैनेंती पर आक्रमण कर मैच का रुख बदल दिया। जैक्स ने मात्र 21 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जो टी20 विश्व कप में किसी भी इंग्लिश बल्लेबाज का सबसे तेज अर्धशतक है। उन्होंने नाबाद 53 रन बनाए। टॉम बैंटन ने 30 रन का योगदान दिया। इटली की ओर से क्रिशन कालुगमागे ने 2 विकेट लिए।अंत में इंग्लैंड का 202 रन का स्कोर इटली के लिए पहाड़ साबित हुआ और तीन बार की चैंपियन टीम ने संघर्षपूर्ण जीत के साथ सुपर-8 में प्रवेश कर लिया।संक्षिप्त स्कोर:इंग्लैंड – 202/7 (20 ओवर)(विल जैक्स 53*, टॉम बैंटन 30)इटली – 178 ऑल आउट (20 ओवर)(बेन मैनेंती 60, ग्रांट स्टुअर्ट 45)।इंग्लैंड 24 रन से विजयी।—————
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal