मेदिनीपुर : पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर शहर में महिला फुटबॉल का भव्य आयोजन शुरू हो गया है। विद्यासागर विश्वविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित ईस्ट जोन इंटर-यूनिवर्सिटी फुटबॉल टूर्नामेंट (महिला) का औपचारिक उद्घाटन रविवार शाम शहीद खुदीराम क्रीड़ांगन में किया गया।यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता सोमवार नौ से 13 फरवरी तक चलेगी, जिसमें पूर्वी भारत के कुल 27 विश्वविद्यालयों की महिला फुटबॉल टीमें भाग ले रही हैं। टूर्नामेंट के मुकाबले शहीद खुदीराम क्रीड़ांगन एवं श्री अरविंद स्टेडियम में खेले जाएंगे। आयोजन में एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (एआईयू) का भी सहयोग प्राप्त है।उद्घाटन अवसर पर विद्यासागर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर दीपक कुमार कर ने इसे विश्वविद्यालय और मेदिनीपुर क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि, “महिला फुटबॉल के इस महाकुंभ से खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा।” उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में भी विद्यासागर विश्वविद्यालय द्वारा अखिल भारतीय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया था।इस प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल से विद्यासागर विश्वविद्यालय, कलकत्ता विश्वविद्यालय, बर्धमान विश्वविद्यालय और विश्व भारती सहित अन्य राज्यों से बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), मणिपुर विश्वविद्यालय, नेशनल स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी तथा कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज जैसी प्रतिष्ठित टीमें भाग ले रही हैं। विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. जयंत किशोर नंदी ने बताया कि बाहर से आने वाली टीमों के आवास, भोजन और अन्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।उद्घाटन समारोह में उपस्थित आईएफए अध्यक्ष अजीत बनर्जी ने विद्यासागर विश्वविद्यालय के खेल बुनियादी ढांचे की सराहना की उन्होंने कहा कि, “वर्तमान रैंकिंग के कारण पुरुष फुटबॉल टीम के लिए विश्व कप की राह कठिन है, लेकिन महिला फुटबॉल में अपार संभावनाएं हैं। भारतीय महिला टीम किसी भी समय विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर सकती है।” उन्होंने मुख्यमंत्री की ‘कन्याश्री’ योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना से बंगाल में महिला फुटबॉल को नई मजबूती मिली है।—————
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal