सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के प्रधान नगर थाने की पुलिस ने बुधवार देर रात अभियान चलाकर 22 किलो गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक का नाम नवीन कुमार है। वह बिहार के वैशाली जिले का निवासी है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर प्रधान नगर थाने की पुलिस ने सिलीगुड़ी जंक्शन इलाके में अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में खड़े नवीन कुमार को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद तीन बैग से कुल 22 किलो गांजा बरामद किया गया। जांच में सामने आया है कि गांजा की यह खेप कुचबिहार से सिलीगुड़ी लाई गई थी, जिसे आरोपित बिहार ले जाने की फिराक में था। वह जंक्शन पर बिहार जाने वाली बस का इंतजार कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे धर दबोचा।प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि नवीन कुमार 12वीं कक्षा का छात्र है और कुछ पैसों के लालच में डिलीवरी मैन बनकर गांजा तस्करी में शामिल हुआ था। बरामद गांजा की बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को आरोपित को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal