Thursday , February 5 2026

यूपी मेट्रो की ईमानदारी की मिसाल, विदेशी महिला का खोया पर्स सुरक्षित लौटाया

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश मेट्रो का लॉस्ट एंड फाउंड सेल एक बार फिर यात्रियों के लिए भरोसेमंद और सहायक साबित हुआ है। मेट्रो कर्मियों की सतर्कता, ईमानदारी एवं निर्धारित प्रक्रिया के पालन से एक विदेशी महिला यात्री का खोया हुआ पर्स सुरक्षित रूप से उन्हें वापस सौंपा गया।

घटना दिनांक 03 फरवरी 2026 को दोपहर लगभग तीन बजे की है, जब आगरा के कैप्टेन शुभम गुप्ता मेट्रो स्टेशन पर जांच के दौरान सुरक्षाकर्मियों को एक सफेद रंग का पर्स प्राप्त हुआ। इस पर्स में 4 एटीएम कार्ड्स, 1 यूएसए ड्राइविंग लाइसेंस, 1 यूएसए पासपोर्ट कार्ड, ₹2,800/- भारतीय मुद्रा, 1 होटल रूम कार्ड और 1 इमरजेंसी मेडिकल सर्टिफिकेट मौजूद था।

मेट्रो कर्मियों द्वारा नियमानुसार आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद यह पर्स उसी दिन रात लगभग आठ बजे संबंधित यात्री को सुरक्षित रूप से लौटा दिया गया। पर्स प्राप्त करने वाली यात्री बरबरा एन स्टैचनिक ग्रेश हैं जोकि साउथ स्ट्रीट, फ्रीलैंड, पेंसिल्वेनिया, यूएसए की हैं। अमेरिकी महिला ने पर्स और जरूरी दस्तावेज वापस मिलने पर मेट्रो कर्मियों का आभार जताया एवं उनकी कर्तव्यनिष्ठा को सराहा।  

यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने इस अवसर पर कहा, मुझे अपनी टीम पर गर्व है जो हर संभव तरीके से जनता की सेवा करने के लिए समर्पित है। उन्होंने दोहराया कि मेट्रो के लॉस्ट एंड फाउंड सेल की ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा ने यात्रियों का भरोसा जीता है और यह अन्य किसी भी पब्लिक ट्रांसपोर्ट के मुकाबले ज्यादा सुरक्षित, आरामदायक एवं सुविधाजनक है।