New Delhi : भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर बने संशय को दूर करने के लिए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल मंगलवार को संसद में एक बयान दे सकते हैं।आधिकारिक सूत्रों ने यहां यह जानकारी दी। सोमवार देर रात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ फोन पर हुई बातचीत के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सोशल मीडिया पोस्ट और उसके बाद प्रधानमंत्री मोदी की एक्स पर पोस्ट के बाद इस समझौते को लेकर तमाम तरह के कयास लगाये जा रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति इसी के साथ भारत पर लागू टैरिफ घटाकर तत्काल 18 फीसदी करने की भी घोषणा की है। यह घोषणा ऐसे समय हुई है जब विदेश मंत्री एस जयशंकर अमेरिका की यात्रा पर वाशिंगटन में हैं।सूत्रों ने कहा कि वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री मुंबई से नई दिल्ली लौट रहे हैं और संभवत: वह संसद में इस समझौते को लेकर बयान देंगे जिसमें समझौते की रूपरेखा साफ हो जाएगी।अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि भारत और अमेरिका एक व्यापार समझौते पर सहमत हुए हैं, जिसके तहत वाशिंगटन भारतीय सामानों पर जवाबी शुल्क को मौजूदा 25 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी पर लाएगा। इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर अब 18 फीसदी का कम शुल्क लगेगा।केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने भी ‘एक्स’ पोस्ट पर लिखा, “ये समझौता किसानों, एमएसएमई, उद्यमियों और कुशल कामगारों के लिए अभूतपूर्व अवसर खोलेगा, जिससे वे दुनिया के लिए ‘मेक इन इंडिया’, दुनिया के लिए डिजाइन इन इंडिया और दुनिया के लिए इनोवेट इन इंडिया कर सकेंगे। इससे भारत को अमेरिका से तकनीक हासिल करने में मदद मिलेगी।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal