बाराबंकी : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जनपद में नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गदिया गांव के पास तिंदोला माइनर किनारे ग्रामीणों ने मंगलवार की सुबह एक महिला का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव काे कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की। मृतक महिला के शव के पास खून लगा ईट पड़ा मिला है। इससे उसकी हत्या उसी से कूचलकर किए जाने की आशंका जताई जा रही है।क्षेत्राधिकारी संगम कुमार ने बताया कि मृतका जींस और शर्ट पहने थी और गले का मंगलसूत्र उसके पेट के पास बिखरा पड़ा था। हाथ पर ‘गंगाराम’ नाम गुदा हुआ है, जिससे उसकी पहचान भारतीय किसान यूनियन (अवध राजू गुप्ता गुट) की महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुनीता (40) के रूप में हुई। पहचान होते ही पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। मृतक के परिजन, स्थानीय लोग और संगठन के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम केसाथ मौके से अहम साक्ष्य एकत्र किए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।सीओ ने बताया कि मृतका के भाई राजकुमार ने बताया कि सुनीता मूल रूप से रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र के बाबा का पुरवा गांव की रहती थी। उसकी शादी असंद्रा थाना क्षेत्र के अशरफपुर गांव निवासी गंगाराम से हुई थी। पति गंगाराम चार बच्चों के साथ बीते चार वर्षों से ऋषिकेश में रह रहा है। सुनीता पिछले करीब दो वर्षों से नगर कोतवाली क्षेत्र के गदिया गांव में किराये के कमरे में अकेली रह रही थी।परिजनों के अनुसार, वर्ष 2022 में भी सुनीता का गला रेतकर हत्या का प्रयास किया गया था, जिसको लेकर जहांगीराबाद थाने में मुकदमा दर्ज है। उस मामले में आरोपितों से सुनीता का लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। जांच के दौरान पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज हाथ लगा है।सीओ संगम कुमार ने कहा कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal