नई दिल्ली : बजट वाले दिन रविवार को जोरदार गिरावट का सामना करने के बाद घरेलू शेयर बाजार ने सोमवार को शानदार वापसी की। आज के कारोबार में सेंसेक्स निचले स्तर से 1,300 अंक से अधिक उछल गया। इसी तरह निफ्टी ने भी निचले स्तर से 425 अंक से ज्यादा की छलांग लगाई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.17 प्रतिशत और निफ्टी 1.06 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।आज दिन भर के कारोबार के दौरान मेटल, एफएमसीजी और एनर्जी सेक्टर के शेयरों में लगातार खरीदारी होती रही। इसी तरह बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल, ऑयल एंड गैस और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी मजबूती के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, मीडिया, आईटी, टेक और हेल्थ केयर सेक्टर के शेयरों में लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.70 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.30 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में साढ़े चार लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 455.23 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी रविवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 450.61 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 4.62 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,428 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,037 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,220 शेयरों में गिरावट का रुख रहा और 171 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,909 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,312 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,597 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 25 शेयर बढ़त के साथ और 5 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 39 शेयर हरे निशान में और 11 शेयर लाल निशान में बंद हुए। बीएसई का सेंसेक्स आज 167.26 अंक की कमजोरी के साथ 80,555.68 अंक के स्तर पर खुला।शुरुआती कारोबार में खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 655 अंक से अधिक उछल कर 81,211.31 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक की चाल में गिरावट आ गई। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से सेंसेक्स दोपहर 11:30 बजे तक अपनी सारी बढ़त गंवाकर 335.69 अंक की कमजोरी के साथ 80,387.25 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी का रुख बन गया। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक निचले स्तर से 1,345 अंक की छलांग लगा कर 1,009.31 अंक की बढ़त के साथ 81,732.25 अंक के स्तर तक पहुंच गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 943.52 अंक की मजबूती के साथ 81,666.46 अंक के स्तर पर बंद हुआ।सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 28.95 अंक टूट कर 24,796.50 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद दिन के पहले सत्र में लगातार उतार-चढ़ाव होता रहा। बिकवाली का दबाव बनने पर दोपहर 11:30 बजे के करीब यह सूचकांक 146.05 अंक लुढ़क कर 24,679.40 अंक तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने मोर्चा संभाल लिया, जिससे निफ्टी की चाल में तेजी आ गई। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक निचले स्तर से 428.70 अंक उछल कर 282.65 अंक की तेजी के साथ 25,108.10 अंक के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि, अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट के कारण हुई बिकवाली की वजह से निफ्टी ऊपरी स्तर से करीब 20 अंक फिसल कर 262.95 अंक की मजबूती के साथ 25,088.40 अंक के स्तर पर बंद हुआ।आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 7.58 प्रतिशत, टीएमपीवी 5.30 प्रतिशत, अदानी पोर्ट्स 4.33 प्रतिशत, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 3.50 प्रतिशत और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 3.23 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, श्रीराम फाइनेंस 3.56 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 2.16 प्रतिशत, मैक्स हेल्थ केयर 1.90 प्रतिशत, इंफोसिस 1.52 प्रतिशत और सिप्ला 1.30 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।—————
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal