लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बख्शी का तालाब स्थित एसआर ग्लोबल स्कूल का वार्षिकोत्सव ‘उड़ान–2025’ मंगलवार शाम उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में रंगारंग प्रस्तुतियों, देशभक्ति और सांस्कृतिक विविधता से परिपूर्ण यह आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा और अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप-प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस मौके पर धर्मपाल सिंह (संगठन मंत्री, भाजपा), ठाकुर जयवीर सिंह (पर्यटन मंत्री), संजय राय (प्रदेश मंत्री), डॉ. संजय निषाद (मत्स्य मंत्री), योगेन्द्र उपाध्याय (उच्च शिक्षा मंत्री), मयंकेश्वर शरण सिंह (राज्यमंत्री, संसदीय कार्य), कुँवर मानवेंद्र सिंह (सभापति, विधान परिषद्), राकेश राठौर “गुरु” (राज्यमंत्री, नगर विकास), प्रतिभा शुक्ला (राज्यमंत्री, महिला कल्याण), रजनी तिवारी (राज्यमंत्री, उच्च शिक्षा), दानिश आज़ाद (राज्यमंत्री, अल्पसंख्यक कल्याण) सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इनके अतिरिक्त कार्यक्रम में कई मंत्रीगण, उत्तर प्रदेश विधानसभा एवं विधान परिषद् के सदस्यगण, जनपद सीतापुर एवं लखनऊ के जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति तथा अनेक विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

विद्यालय के चेयरमैन एवं सदस्य विधान परिषद् पवन सिंह चौहान ने मुख्य अतिथि सहित समस्त अतिथियों का पुष्पगुच्छ अर्पित कर स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थियों की सर्वांगीण प्रगति ही विद्यालय का मुख्य उद्देश्य है।
मुख्य अतिथि धर्मपाल सिंह ने एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीटूशन्स के प्रयासों की सराहना करते हुए चेयरमैन पवन सिंह चौहान के नेतृत्व और समर्पण की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि “एस. आर. ग्लोबल स्कूल अपने सतत प्रयासों से शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करता रहेगा।”
विद्यालय के विद्यार्थियों ने मंच पर एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। प्री-प्राइमरी से लेकर के.जी. वर्ग तक के बच्चों ने ‘Barbie’, ‘Mahadev’ तथा ‘Chair and Umbrella’ जैसे कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इसके अलावा कश्मीरी डांस, फ्लेमिंगो डांस तथा महाराणा प्रताप पर आधारित नृत्य की धमाकेदार प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण चारों युगों पर आधारित नृत्य-नाटिका ‘युग’ रहा। जिसमें सतयुग से कलियुग तक की प्रमुख घटनाओं को नृत्य के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित देशभक्ति नृत्य-नाटिका ने देशप्रेम का भाव जागृत किया। वहीं हॉरर डांस की प्रस्तुति ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। हजारों लोगों की उपस्थिति में विद्यालय का पूरा परिसर अनुशासन और उत्साह से सराबोर था।
एस. आर. ग्रुप के वाइस चेयरमैन पीयूष सिंह चौहान एवं सुष्मिता सिंह चौहान के कुशल मार्गदर्शन में तैयार सम्पूर्ण कार्यक्रम एवं व्यवस्थाएँ सभी की सराहना का केंद्र बनीं। पीयूष सिंह चौहान ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा की तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन पर संपूर्ण विद्यालय परिवार को बधाई दी।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal