लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। फन रिपब्लिक मॉल में आज एक इतिहास लिखा गया जब एक, पांच एवं दस के डेढ़ लाख सिक्कों से बनी 18 फीट ऊँची भगवान श्री राम की प्रतिमा का अनावरण उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया। अनावरण होते ही फन रिपब्लिक मॉल जय श्रीराम के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

श्री राम की प्रतिमा बनाने में बीस दिन से ज्यादा का समय लगा। लखनऊ, गोरखपुर एवं कलकत्ता के लगभग 25 कारीगरों ने मिलकर आस्था के इस प्रतिबिंब का निर्माण किया।


आस्था और कला के इस संगम को एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड एवं इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज किया गया। इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के एडजुडिकेटर (निर्णायक) प्रमिल द्विवेदी ने फन रिपब्लिक के जनरल मैनेजर अश्विनी सिंह को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के प्रमाण पत्र और मैडल सौंपते हुए भारतीय सिक्कों से निर्मित भगवान श्रीराम की भव्य मूर्ति बनाकर यह रिकॉर्ड बनाने हेतु बधाई दी।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहाकि भारत देश अपनी संस्कृति, विचारों और अध्यात्म के लिए जाना जाता है और यह मूर्ति उसी अध्याय में एक नया नाम है। श्री राम हम सबके आराध्य हैं और हमें उनके दिखाए मार्ग पर ही चलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मैं फन रिपब्लिक मॉल के जनरल मैनेजर अश्विनी सिंह को इस शानदार भव्य और निष्ठा से पूर्ण आयोजन के लिए धन्यवाद देता हूं। आशा करता हूं कि आगे भी इस तरह के इससे भी कई भव्य आयोजन भारत की सांस्कृतिक विरासत को संजोते हुए आयोजित किए जाएंगे।

फन रिपब्लिक मॉल के जनरल मैनेजर अश्विनी सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यक्रम हमारी संस्कृति और हमारी आस्था का प्रतिबिंब है। हमारा यह कार्यक्रम दिवाली तक चलता रहेगा। जिसमें आने वाले दिनों में कंटेम्प्रेरी रामायण का आयोजन, शॉप एंड विन प्रतियोगिता भी होगी। जिसमें टॉप शॉपर को एक ग्राम सोने का सिक्का दिया जाएगा। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभिन्न तरह की प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएंगी।