लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। माइक्रोफाइनेंस असोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश (उपमा) द्वारा 18 नवंबर को होटल ताज में 7वां वार्षिक अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। अधिवेशन में बतौर मुख्य अतिथि असीम अरुण (राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार समाज कल्याण, उत्तर प्रदेश शासन), बतौर मुख्य वक्ता दिनेश खारा (पूर्व चेयरमैन स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया) तथा माइक्रोफाइनेंस के भीष्म पितामह कहे जाने वाले विजय महाजन मौजूद रहेंगे। सम्मलेन के समापन सत्र में कपिलदेव अग्रवाल (राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कौशल विकास) शामिल होंगे।
उपमा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुधीर सिन्हा ने बताया कि वार्षिक अधिवेशन में “उत्तर प्रदेश में एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी अर्थ व्यवस्था के लक्ष्य को सफल बनाने में माइक्रोफाइनेंस कंपनियों का क्या योगदान पर आधारित एक अध्ययन रिपोर्ट जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सम्मलेन का उद्देश्य एक सतत एवं विश्वसनीय माइक्रो फाइनेंस मॉडल विकसित करना है।
माइक्रो फाइनेंस के स्वतः नियामक संस्था साधन के प्रमुख जीजी मेमन सहित इस कॉन्फ्रेंस में शैक्षिक संस्थाओं के रिसर्च स्कॉलर, अनेक वित्तीय विशेषज्ञ, माइक्रो फाइनांस कंपनी के सीईओ के साथ साथ नाबार्ड, आरबीआई तथा सिडबी के वरिष्ठ अधिकारीगण भाग लेंगे।

माइक्रो फाइनेंस एसोसिएशन ऑफ़ उत्तर प्रदेश (उपमा) प्रति वर्ष अपना वार्षिक कार्यक्रम आयोजित करता हैं। संस्था इस वर्ष अपने स्थापना के 11 वर्ष भी पूरे कर रही है। माइक्रो फाइनेंस एसोसिएशन ऑफ़ उत्तर प्रदेश की स्थापना 15 दिसंबर 2013 को हुई थी। माइक्रो फाइनेंस संस्थाएं भारतीय रिज़र्व बैंक से रजिस्टर्ड होती हैं तथा समाज के सबसे कमजोर वर्ग को उनके गृह स्थल पर रोजगारपरक ऋण उपलब्ध कराती हैं। एसोसिएशन के साथ समान क्षेत्र में कार्य करने वाली लगभग तीस संस्थाएं जुडी हुई हैं। एसोसिएशन अपने सदस्य संस्थाओं को स्वस्थ एवं पारदर्शी विधि से ग्राहकों को ऋण देने हेतु प्रोत्साहित करती है। साथ ही एसोसिएशन इस बात पर नज़र रखती है कि सभी संस्थाएं भारतीय रिज़र्व बैंक द्वारा प्रतिपादित नियमों का अक्षरशः पालन कर रही है या नहीं। एसोसिएशन सदस्य संस्थाओं के लिए अनेक प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित करती है साथ ही ग्राहकों के लिए भी डिजिटल लिटरेसी तथा वित्तीय साक्षरता जैसे कार्यक्रम आयोजित करती रहती है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसोसिएशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुधीर सिन्हा सहित माइक्रो फाइनेंस कंपनियों सोनाटा फाइनेंस (कोटक) के अनूप सिंह, भरत सिंह सहित अनेक अधिकारीगण उपस्थित रहेꓲ
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal