Friday , October 18 2024

वायुपंख संगीतशाला समारोह में सम्मानित किये गये कला साधक एवं कला सेवक

  • वायुपंख संगीतशाला द्वारा नवरात्रि देवी गीतों का भव्य आयोजन

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। वायुपंख संगीतशाला द्वारा नवरात्रि विशेष प्रस्तुतिपरक कार्यशाला का आयोजन सेंट जोसफ़ कालेज की ठाकुरगंज शाखा के बौद्ध प्रेक्षागृह में किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि महापौर सुषमा खर्कवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही आकाशवाणी की पूर्व स्टेशन डायरेक्टर मीनू खरे, दूरदर्शन के कार्यक्रम प्रमुख आत्म प्रकाश मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

सेंट जोसेफ विद्यालय समूह की संस्थापक अध्यक्ष पुष्पलता अग्रवाल के आशीर्वाद से उनकी दिवंगत पुत्री निरुपम की याद में नवरात्रि विशेष देवी गीतों की प्रस्तुतिपरक कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। जिसमें इंडियन आइडल फेम गायक सतेंद्र आर्या के कुशल निर्देशन में सभी प्रतिभागियों ने मोहक प्रस्तुतियां देकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।


वायुपंख म्यूजिक क्लासेज की संस्थापक प्रबंधक स्क्वॉड्रन लीडर राखी अग्रवाल ने बताया कि यह संगीत संस्था लखनऊ के राजाजीपुरम व गोमती नगर स्थित शिक्षण केन्द्रों के माध्यम से संगीत की तीनो विधाओं गायन, वादन व नृत्य में हिन्दुस्तानी संगीत पद्धति तथा पाश्चात्य शैली दोनों के अनुसार सभी आयु वर्ग के लोगों को स्तरीय प्रशिक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि उनके तथा सीमा अग्रवाल के कुशल प्रबंधन में टीम के सभी सदस्यों ने समर्पित भाव से इस सहयोग देकर कार्यशाला को सफल बनाया।
इस अवसर पर सत्येन्द्र आर्या को संगीत के क्षेत्र में अमूल्य योगदान के लिए ‘वायुपंख संगीत साधक सम्मान’ से सम्मानित किया गया। वहीं कनक वर्मा, मयंक रंजन, डॉ. अमित सक्सेना, सुधा द्विवेदी एवं डॉ. एसके द्विवेदी को सामाजिक एवं सांस्कृतिक चेतना के अनुकरणीय कार्यों के लिए ‘निरूपमा कला सेवक सम्मान’ से अलंकृत किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन सायका जैदी ने किया।