Friday , September 20 2024

हलाल प्रमाण पत्र के विरोध में व्यापारियों को जागरुक करेगा उप्र आदर्श व्यापार मंडल

भारत में केवल फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड ऐक्ट के अंतर्गत फूड लाइसेंस ही वैध : संजय गुप्ता

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। हलाल प्रमाण पत्र जारी किए जाने के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की बैठक इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर स्थित श्रीनाथजी कॉम्प्लेक्स में हुई। समाचार पत्रों एवं चैनलों के माध्यम से हलाल प्रमाण पत्र जारी किए जाने के विषय की जानकारी पाकर एवं मुख्यमंत्री द्वारा संज्ञान लेने के बाद नौ कंपनियां पर हजरतगंज  कोतवाली में मुकदमा लिखे जाने के उपरांत उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल ने हलाल प्रमाण पत्र के मुद्दे को गंभीरता से लेकर बैठक की।

व्यापारी नेता संजय गुप्ता ने बताया कि भारत एक बड़ा उपभोक्ता बाजार है, संभवत: कुछ कंपनियां देश में अलग तरीके का मार्केट सेगमेंट तैयार करने की साजिश रच रही है। जिसको देश के व्यापारी कामयाब नहीं होने देंगे। उन्होंने कहाकि भारत में फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड कानून लागू है, जिसके अंतर्गत शाकाहारी उत्पादों पर हरे रंग का निशान एवं मांसाहारी उत्पादों पर लाल रंग का निशान उत्पाद पैकेट पर अंकित किया जाना होता है। इसके अतिरिक्त यदि कोई भी कंपनी कोई गैरकानूनी निशान अंकित करने का प्रमाण पत्र जारी कर रही है वह निश्चित रूप से गलत है। व्यापारी नेता संजय गुप्ता ने कहाकि संगठन हलाल प्रमाण पत्र के संदर्भ में प्रदेश के व्यापारियों को जागरूक करेगा।

बैठक में संगठन के प्रदेश कोषाध्यक्ष मोहम्मद अफजल, ट्रांसगोमती अध्यक्ष अनिरुद्ध निगम, नगर महामंत्री राजीव शुक्ला, मोहम्मद रिजवान, संजय टंडन, उमेश सनवाल, पराग मिश्रा, विवेक रस्तोगी, सुनील राय, राजेश राय, दीपक सोनकर, अभिनेश शुक्ला, अर्पित सेठ, सुनील श्रीवास्तव, अनुपम वैश्य आदि पदाधिकारी उपस्थित थे।