सीतापुर रोड योजना के सेक्टर-ई में बने छठ पूजा सरोवर का विधायक डॉ. नीरज बोरा ने किया लोकार्पण
लखनऊ (शम्भू शरण वर्मा/टेलीस्कोप टुडे)। आस्था, परंपरा और प्रकृति के महापर्व छठ पूजा पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के सीतापुर रोड योजना के सेक्टर-ई में भव्य छठ पूजा सरोवर तैयार किया गया है। गुरुवार को विधायक डॉ. नीरज बोरा ने सरोवर का लोकार्पण कर इसे क्षेत्रवासियों को समर्पित किया। कभी गोमती नदी के घाटों तक पहुंचकर छठी मैया की आराधना करने की पारिवारिक स्मृतियों से लेकर आज लाखों श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था तक का सफर बयां करते हुए उन्होंने कहा कि बदलते लखनऊ में छठ पूजा के लिए सुव्यवस्थित घाटों की जरूरत महसूस की गई, जिसे अब इस सरोवर के रूप में साकार किया गया है।

इस दौरान उन्होंने लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित किये जा रहे छठ पूजा घाट का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। विधायक ने अधिकारियों को घाट तक पहुंचने वाले मार्ग पर निरंतर प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई बनाए रखने तथा घाट में नीचे तक सुरक्षित पहुंचने के लिए रैंप बनाए जाने के भी निर्देश दिए।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा, प्रकृति और परिवार की खुशहाली से जुड़ा महापर्व है। चार दिवसीय इस पर्व की शुरुआत शुक्रवार से होगी और 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ व्रत का पारण किया जाएगा। डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि सनातन परंपरा में छठ पूजा का विशेष महत्व है। इस पर्व में बड़ी संख्या में महिलाएं व्रत रखती हैं। कई परिवारों में पुरुष भी पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ इस परंपरा का निर्वहन करते हैं।

इस अवसर पर विधायक डॉ. नीरज बोरा ने छठ पूजा से अपने पारिवारिक जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका परिवार भी लंबे समय से इस पावन परंपरा से जुड़ा रहा है। उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि वर्ष 1971-72 में परिवार के साथ छठ पूजा के लिए गोमती नदी के तट पर जाना होता था। डालीगंज स्थित लल्लूमल घाट पर छठ व्रती सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते थे। उस समय दीपावली के पटाखे भी बचाकर रखे जाते थे, ताकि छठ पूजा के अवसर पर घाट पर उत्सव का माहौल बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1972 से लेकर 2026 तक लखनऊ में छठ पूजा की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। आज शहर में लाखों श्रद्धालु गोमती नदी के विभिन्न घाटों, तालाबों और सरोवरों पर सूर्यदेव को अर्घ्य देते हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के कारण कई परिवारों को अपने घरों में ही पानी की व्यवस्था कर अर्घ्य देना पड़ता है। इसी आवश्यकता को देखते हुए उनके मन में क्षेत्र में छठ पूजा के लिए एक व्यवस्थित सरोवर विकसित कराने का विचार आया।

विधायक ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आग्रह किया और लखनऊ विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद प्राधिकरण ने छठ पूजा की परंपरा और श्रद्धालुओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सरोवर का निर्माण कराया। पिछले वर्ष जल्दबाजी में कुछ व्यवस्थाएं की गई थीं, लेकिन इस बार निर्माण और सौंदर्यीकरण का कार्य काफी हद तक पूरा होने के बाद विधिवत लोकार्पण किया गया है।
डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि छठ पूजा का आयोजन भव्य और सुव्यवस्थित हो, इसकी जिम्मेदारी क्षेत्र के लोगों की भी है। उन्होंने छठी मैया से सभी के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि माता रानी सभी के घरों में खुशियों की बरसात करें। अंत में उन्होंने क्षेत्रवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

इस मौके पर पार्षद मानसिंह यादव, पूर्व पार्षद बृज किशोर पांडेय व कैलाश यादव, मंडल अध्यक्ष संजय तिवारी, छठ पूजा समिति के अध्यक्ष प्रभु नाथ सिंह के अलावा कृपा शंकर मिश्रा, सतीश वर्मा, सत्येंद्र सिंह, शिवेंद्र, अमित यादव, वीरेंद्र पाठक, आशुतोष सिंह, राजू सिंह, रामानुज तिवारी, संजीव तिवारी सहित काफी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal