लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आस्था के प्रतीक देवी-देवताओं की मूर्तियां पूजन के बाद नदियों और सार्वजनिक स्थलों पर बेतरतीब ढंग से न फेंकी जाएं और गोमती नदी को प्रदूषण से बचाया जा सके। इसके लिए स्वच्छ पर्यावरण आंदोलन सेना ने बुधवार से देव मूर्ति उठाओ एवं विसर्जन अभियान की शुरुआत की। स्वच्छ पर्यावरण आंदोलन सेना के संयोजक एवं मनकामेश्वर वार्ड के पार्षद रणजीत सिंह के नेतृत्व में शुरू हुए इस अभियान के पहले दिन शहर के विभिन्न इलाकों से करीब पांच हजार देवी-देवताओं की मूर्तियां एकत्रित की गईं। इन मूर्तियों को गोमती नदी में प्रवाहित करने के बजाय अटल घाट के निकट गड्ढे में भू-विसर्जित किया गया।


अभियान के तहत मनकामेश्वर वार्ड, डालीगंज, निराला नगर और विवेकानंद पुरी वार्ड के सैकड़ों घरों से बड़ी संख्या में मूर्तियां एकत्रित की गईं। इसके साथ ही हनुमान सेतु के दोनों रास्तों के फुटपाथ पर पड़ी सैकड़ों मूर्तियों और विसर्जन सामग्री को भी अभियान दल ने अपने कब्जे में लिया। एकत्रित सामग्री को रणजीत सिंह ने अपने निजी वाहन से झूलेलाल पार्क के निकट गोमती नदी तट स्थित अटल घाट पहुंचाया, जहां निर्धारित गड्ढे में मूर्तियों का भू-विसर्जन किया गया।

अभियान के संयोजक रणजीत सिंह ने बताया कि यह अभियान लगातार 15 दिनों तक पूरे शहर में चलाया जाएगा। इसके माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा कि वे पूजन के बाद देवी-देवताओं की मूर्तियों और विसर्जन सामग्री को गोमती नदी या अन्य सार्वजनिक स्थलों पर न डालें। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाना भी जरूरी है। मूर्तियों के सम्मानजनक निस्तारण से नदी को प्रदूषित होने से बचाने के साथ ही सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता भी सुनिश्चित की जा सकती है।
अभियान में पप्पू सिंह, रवि वाल्मीकि, पुर्नेश पाल, इंजीनियर आशुतोष कुमार और शिव कुमार सहित कई सहयोगियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal