Saturday , October 31 2026

कैंसर जांच अब पहुंचेगी दूरदराज के द्वीपों तक, उपराज्यपाल ने रवाना कीं मेडिकल वैन

श्री विजयपुरम (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने होटल लेमन ट्री, श्री विजयपुरम में भारतीय स्टेट बैंक फाउंडेशन एवं आश्रय फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में द्वीप समूह के नागरिकों की कैंसर जांच हेतु दो मोबाइल मेडिकल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन मोबाइल वैन में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। साथ ही, मछुआरा समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं मानव-मगरमच्छ संघर्ष की घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से सुरक्षा उपकरणों का भी वितरण किया गया।

इन मोबाइल जांच इकाइयों का शुभारंभ स्वास्थ्य सेवाओं को दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों तक सुलभ कराने एवं कैंसर के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। वहीं, मछुआरा समुदाय को वितरित सुरक्षा उपकरण उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मानव-मगरमच्छ संघर्ष के जोखिम को कम करने में सहायक सिद्ध होंगे। यह अभियान अगले तीन वर्षों तक निरंतर संचालित किया जाएगा। यह पहल जनस्वास्थ्य, जनसुरक्षा एवं द्वीपवासियों के कल्याण के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता का सराहनीय उदाहरण है।

इस अवसर पर सांसद विष्णु पद राय, भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य महाप्रबंधक आर. नटराजन, उप प्रबंधक (मानव संसाधन) जी.एस. राणा, एसबीआई फाउंडेशन के प्रबंध निदेशक स्वपन धर, आश्रय फाउंडेशन की कार्यक्रम निदेशक जेनिशा धरानी, संस्थापक न्यासी नवीन सहित उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक (दक्षिण अंडमान) और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।