Saturday , October 31 2026

खुन खुन जी गर्ल्स कॉलेज में मनाई गई आचार्य नरेंद्र देव की जयंती

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। खुन खुन जी गर्ल्स पीजी कॉलेज में शनिवार को महान स्वतंत्रता सेनानी, समाजवादी चिंतक, शिक्षाविद् एवं भाषाविद् आचार्य नरेंद्र देव की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अंशु केडिया ने आचार्य नरेंद्र देव के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

प्रो. अंशु केडिया ने कहा कि आचार्य नरेंद्र देव राजनीतिज्ञों के बीच विद्वान और विद्वानों के बीच राजनीतिज्ञ थे। उन्होंने वर्ष 1947 से 1951 तक लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में उनके योगदान और कांग्रेस सोशलिस्ट पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहते हुए भारतीय राजनीति एवं समाजवादी विचारधारा को दिशा देने में उनकी भूमिका को याद किया।

डॉ. मनीषा उपाध्याय ने आचार्य नरेंद्र देव के शैक्षिक विचारों पर प्रकाश डालते हुए मातृभाषा में शिक्षा और राष्ट्रीय शिक्षा व्यवस्था के विकास में उनके योगदान की चर्चा की। राजनीति विज्ञान विभाग के डॉ. सत्यम तिवारी ने स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान के बारे में छात्राओं को विस्तार से बताया। साथ ही छात्राओं से उनके जीवन मूल्यों और आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

समाजशास्त्र विभाग की डॉ. स्नेहलता शिवहरे ने आचार्य नरेंद्र देव की समाजवादी विचारधारा और सामाजिक चिंतन में उनके प्रमुख योगदानों पर प्रकाश डाला। वहीं राजनीति विज्ञान विभाग की डॉ. अंजना ने उनके विचारों एवं सिद्धांतों की जानकारी देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में लोकतांत्रिक व्यवस्था, कृषि में सहकारिता और उन्नत कृषि की अवधारणा में उनके योगदान से छात्राओं को अवगत कराया।