Friday , October 30 2026

यूपी मेट्रो में सतर्कता सप्ताह के तहत कर्मचारियों ने दिखाई प्रतिभा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अवसर पर कर्मचारियों के बीच सतर्कता, सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें वाद-विवाद, पोस्टर, स्लोगन और निबंध लेखन प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को गोमती नगर स्थित यूपीएमआरसी के प्रशासनिक भवन में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने प्रतिभागियों के उत्साह और सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि सतर्कता केवल संस्थान की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक सामूहिक प्रतिबद्धता है। इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक कार्यों और निर्णयों में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही सुशासन के मूल आधार हैं।

निबंध लेखन में आदर्श कुमार मिश्रा ने प्रथम, हेमंत पांडेय ने द्वितीय और अभिषेक कुमार विश्वकर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर प्रतियोगिता में अनुराधा रॉय प्रथम, प्रभात पटेल द्वितीय और आयशा शमरीन तृतीय स्थान पर रहीं। स्लोगन प्रतियोगिता में खुशबू यादव ने पहला, हिमांशु वर्मा ने दूसरा और राजेश झा ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, वाद-विवाद प्रतियोगिता में अभिषेक कुमार विश्वकर्मा प्रथम, रिया श्रीवास्तव द्वितीय और प्रिया यादव तृतीय स्थान पर रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से कर्मचारियों को कार्यस्थल पर ईमानदारी, नैतिक मूल्यों और पारदर्शी कार्यप्रणाली अपनाने का संदेश दिया गया।