Friday , October 30 2026

कृत्रिम अंगों से संवरेगी 432 दिव्यांगजनों की जिंदगी, पूर्व राष्ट्रपति करेंगे शिविर का शुभारंभ

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आधुनिक तकनीक दिव्यांगजनों के जीवन में आत्मनिर्भरता की नई राह खोल रही है। इसी दिशा में नारायण सेवा संस्थान, उदयपुर की ओर से 1 नवंबर को लखनऊ के विभूति खंड स्थित किसान बाजार के दयाल गेटवे होटल में निःशुल्क कृत्रिम अंग फिटमेंट शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में 432 दिव्यांगजनों को जापानी-जर्मन तकनीक से निर्मित 549 मॉड्यूलर नारायण लिंब एवं कैलिपर्स निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे। शिविर का उद्रघाटन पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद करेंगे।

शिविर में चयनित दिव्यांगजनों को 270 आधुनिक तकनीक से निर्मित कृत्रिम अंग तथा 279 कैलिपर्स लगाए जाएंगे। मॉड्यूलर तकनीक की विशेषता है कि कृत्रिम अंगों को लाभार्थी की शारीरिक संरचना और जरूरत के अनुरूप फिट एवं समायोजित किया जा सकता है। हल्के और सुविधाजनक डिजाइन से इनके उपयोग में सहजता आती है। विशेषज्ञ टीम प्रत्येक लाभार्थी की आवश्यकता के अनुसार फिटमेंट करेगी। इसके साथ चलने, संतुलन बनाने और कृत्रिम अंगों का सही उपयोग करने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। शिविर सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा।

नारायण सेवा संस्थान के शिविर प्रभारी रमेश शर्मा ने बताया कि संस्थान का प्रयास केवल कृत्रिम अंग उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों को सामान्य जीवन की गतिविधियों में अधिक स्वतंत्रता के साथ भाग लेने योग्य बनाना है। आधुनिक तकनीक से तैयार कृत्रिम अंगों के साथ विशेषज्ञ मार्गदर्शन और उपयोग का प्रशिक्षण लाभार्थियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने में मदद करता है।

उन्होंने कहा कि दुर्घटना, बीमारी अथवा जन्मजात दिव्यांगता से उत्पन्न शारीरिक चुनौतियों को कम करने के लिए संस्थान देश के विभिन्न हिस्सों में ऐसे शिविर आयोजित कर रहा है। संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल के सानिध्य में आयोजित यह शिविर तकनीक, विशेषज्ञता और सेवाभाव के समन्वय का उदाहरण है।

लखनऊ आश्रम प्रभारी बद्री लाल शर्मा ने बताया कि शिविर में लाभार्थियों एवं उनके परिजनों के लिए निःशुल्क भोजन, बैठने तथा प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने कहा कि कृत्रिम अंगों का फिटमेंट केवल चलने की क्षमता बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मनिर्भरता, आत्मसम्मान और सामाजिक सहभागिता की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।