Thursday , October 29 2026

आर.बी. थापा की तस्वीरें और योगदान सदैव याद किए जाएंगे : सतीश महाना

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट आर.बी. थापा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

श्री महाना ने कहाकि आर.बी. थापा का निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने कैमरे के माध्यम से न केवल घटनाओं को दर्ज किया, बल्कि अपने समय, समाज और बदलते दौर की महत्वपूर्ण तस्वीरों को इतिहास का हिस्सा बनाया। उनकी तस्वीरों में समाचार के साथ संवेदना, दृष्टि और मानवीय सरोकार भी दिखाई देते थे।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि लंबे पत्रकारिता जीवन में श्री थापा ने अनेक समाचार संस्थानों के साथ कार्य किया और अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उनका सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और अपने कार्य के प्रति समर्पण सदैव स्मरण किया जाएगा। श्री महाना ने कहा कि एक कुशल फोटो पत्रकार का जाना केवल एक व्यक्ति का निधन नहीं होता, बल्कि कैमरे की वह संवेदनशील दृष्टि भी हमसे विदा हो जाती है, जो समय को तस्वीरों में सहेजकर आने वाली पीढ़ियों के लिए छोड़ जाती है।

उन्होंने कहा कि आर.बी. थापा की स्मृतियां और उनके द्वारा खींची गईं अर्थपूर्ण तस्वीरें पत्रकारिता जगत में सदैव जीवंत रहेंगी। उन्होंने शोक संतप्त परिवार एवं उनके मित्रों, सहयोगियों और शुभचिंतकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।