लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तराखंड महापरिषद के खेल प्रकोष्ठ की ओर से स्व. मोहन सिंह बिष्ट की स्मृति में जानकीपुरम स्थित सहारा स्टेट खेल मैदान में आयोजित तृतीय टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट का रविवार को रोमांचक समापन हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता के फाइनल में अल्मोड़ा अटैकर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबला टाई होने के बाद सुपर ओवर और फिर डबल सुपर ओवर तक पहुंचा, जिसमें अल्मोड़ा अटैकर्स ने जीत दर्ज की।

मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह कनवाल ने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले क्वार्टर फाइनल में अल्मोड़ा अटैकर्स ने देवभूमि लायंस को हराया, जबकि दूसरे क्वार्टर फाइनल में वृंदावन क्रिकेट क्लब ने नीलमथा की टीम को शिकस्त दी। एक अन्य मुकाबले में शिवानी विहार इलेवन ने उत्तराखंड यूनाइटेड को पराजित किया। इसके बाद शिवानी विहार की टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में जीत हासिल की।
खेल प्रभारी कैलाश सिंह ने बताया कि टीमों की रैंकिंग और नेट रन रेट के आधार पर अल्मोड़ा अटैकर्स और वृंदावन क्रिकेट क्लब ने सीधे फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। फाइनल में वृंदावन क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 72 रन का लक्ष्य दिया। मुकाबला टाई होने के बाद सुपर ओवर खेला गया, लेकिन इसमें भी बराबरी रहने पर डबल सुपर ओवर का सहारा लिया गया। अंततः अल्मोड़ा अटैकर्स ने जीत हासिल कर खिताब पर कब्जा जमाया।

पुरस्कार वितरण समारोह की मुख्य अतिथि अर्जुन पुरस्कार विजेता एवं भारतीय खेल प्राधिकरण की सेवानिवृत्त निदेशक रचना गोविल रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में स्वर्गीय मोहन सिंह बिष्ट की पत्नी हीरा बिष्ट उपस्थित रहीं। दोनों अतिथियों ने विजेता टीम सहित खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए।
इस अवसर पर प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत, डॉ. कीर्ति विक्रम सिंह, किशोर पंत, उत्तराखंड महापरिषद के संयोजक दीवान सिंह अधिकारी, अध्यक्ष हरिश्चंद्र पंत, महासचिव भरत सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मंगल सिंह रावत, सचिव राजेश बिष्ट, महेश चंद्र सिंह रौतेला, केएस चुफाल, पूरन जीना, पूरन भदौला, अवधेश कोठारी, पान सिंह, गिरीश बहुगुणा, राजेंद्र सिंह कनवाल, त्रिभुवन जोशी, विकास, डीडी जोशी, गोविंद बल्लभ फुलारा, पंकज खड़कवाल और रमेश अधिकारी सहित महापरिषद के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। महिला शाखा की अध्यक्ष पुष्पा वैष्णव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनीता कनवाल, शशि जोशी और शोभा पटवाल समेत दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal