लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सेंट जोसेफ विद्यालय समूह से निकली प्रतिभाएँ देश का नाम रोशन कर रही हैं। निःसंदेह सेंट जोसेफ विद्यालय परिवार समाज के साथ देश को सर्वगुण संपन्न सुयोग्य नागरिक प्रदान कर देश सेवा में अपना बहुमूल्य योगदान दे रहा है। उक्त बातें भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने विद्यालय समूह के दो दिवसीय 40वें वार्षिकोत्सव समारोह ‘अभिव्यक्ति-2026’ के समापन अवसर पर व्यक्त किए।

‘अभिव्यक्ति-2026’ में श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित ‘यात्रा सारथी की’ पर बच्चों ने अत्यंत ही भावपूर्ण प्रस्तुतियों से उपस्थित अपार जन-समूह को सम्मोहित कर दिया। दूसरे दिवस का शुभारंभ समारोह के मुख्य अतिथि आनंद द्विवेदी एवं आमंत्रित अतिथि भाजपा MLC पवन सिंह चौहान के साथ-साथ सेंट जोसेफ समूह की संस्थापक अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता अग्रवाल, प्रबन्ध निदेशक अनिल अग्रवाल, नम्रता अग्रवाल, संयुक्त निदेशक सृजन अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया।

जूनियर व सीनियर विंग के छात्र-छात्राओं ने श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित यात्रा ‘सारथी की’ संगीतमय प्रस्तुति दी। श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित ‘यात्रा सारथी की’ के आह्वान से प्रतिशोध तक आठ खंडों में समाहित श्रीकृष्ण चरित को देखकर अतिथियों के साथ उपस्थित सभी लोग अभिभूत हो गए। बच्चों के जीवंत अभिनय व प्रस्तुतिकरण ने सभी को साक्षात द्वापर युग में पहुँचा दिया।
संस्थापक अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता अग्रवाल ने कहा कि अपनी भारतीय संस्कृति व संस्कारों से परिचित कराना सेंट जोसेफ की परंपरा रही है। विद्यालय पढ़ाई के साथ बच्चों को नैतिक व चारित्रिक शिक्षा पर विशेष बल देता है। बच्चों द्वारा प्रस्तुत श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित नृत्य नाटिका ‘यात्रा सारथी की’ इस बात का प्रमाण है।

सेंट जोसेफ विद्यालय समूह के प्रबंध निदेशक अनिल अग्रवाल ने कहा कि बड़ों के साथ-साथ बच्चों में भी थोड़ी सी आध्यात्मिकता उनमें अनेक अच्छाइयों व सद्गुणों का विकास करती है, भले ही वे किसी भी धर्म या संप्रदाय को मानते हों। उन्होंने सफल मंचन के लिए कार्यक्रम से जुड़े सभी लोगों, विशेषकर संयुक्त निदेशक सृजन अग्रवाल तथा इवेंट कोऑर्डिनेटर पलक सिंह भदौरिया एवं अंकित मिश्रा की सराहना की।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावकों के साथ सेंट जोसेफ विद्यालय समूह की सभी शाखाओं के प्रधानाचार्य व शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सीनियर कोऑर्डिनेटर (राजाजीपुरम शाखा) आकांक्षा टंडन ने आमंत्रित अतिथियों व उपस्थित जनसमूह के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal