लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। दो दिवसीय लखनऊ फिल्म फेस्टिवल सीजन 4 और ‘इमैजिनेरियम 2026’ का शनिवार को समापन हो गया। उत्तर प्रदेश पर्यटन, बीबीडी एजुकेशनल ग्रुप और एसआरएस सिनेमा के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव ने सिनेमा, कला, संस्कृति, शिक्षा और उभरती प्रौद्योगिकियों से जुड़ी हस्तियों को एक साझा मंच प्रदान किया।
महोत्सव के दूसरे दिन एआई आधारित फिल्म निर्माण पर मास्टरक्लास, अंतरराष्ट्रीय फिल्मों की स्क्रीनिंग, पैनल चर्चाएं, एआई हैकाथॉन की फिल्मों का प्रदर्शन प्रमुख आकर्षण रहे। उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि मेजर जनरल गौतम गुप्ता (अतिरिक्त महानिदेशक, एनसीसी निदेशालय, उत्तर प्रदेश) के साथ एनीमेशन फिल्म निर्माता वैभव कुमारेश, एपीएआर गेम्स के सीईओ एवं सह-संस्थापक हुजैफा अरब और गेम डेवलपर लक्ष्मी खानोलकर शामिल हुए।
सुबह के सत्र में ‘स्प्रिंग इन ए बॉटल’, ‘ट्रेडिंग कार्ड्स’, ‘अंटिल कैन फ्लाई’ और ‘द ब्रिज’ जैसी एआई एवं एनीमेशन आधारित लघु फिल्मों की स्क्रीनिंग हुई। इसके बाद राजेश भाटिया और भरत अरोड़ा ने ‘AI: द न्यू कैनवस’ विषय पर मास्टरक्लास आयोजित की। एआई हैकाथॉन में तैयार फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया।

लखनऊ फिल्म फेस्टिवल और इमैजिनेरियम 2026 की निदेशक रेणुका टंडन ने कहा कि अमरेन फाउंडेशन की पहल ‘लखनऊ फिल्म फोरम’ रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के साथ पारंपरिक सिनेमा और आधुनिक तकनीक आधारित कहानी कहने की कला के बीच सेतु का काम कर रहा है। इसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश में समृद्ध मीडिया एवं मनोरंजन इकोसिस्टम को बढ़ावा देना है।
FTII, पुणे का प्रतिनिधित्व करते हुए संतोष ओझा ने इस कार्यक्रम में भाग लिया और महोत्सव की भरपूर सराहना की। उन्होंने इस पहल की बेहतरीन क्यूरेशन के लिए तारीफ की और एक ऐसे जीवंत व भविष्योन्मुखी मंच के निर्माण की सराहना की, जो पारंपरिक कहानी-कहने की कला और आधुनिक सिनेमाई तकनीकों को एक साथ लाता है।
दोपहर के सत्र में ‘बेस्ट ऑफ पोलिश एनीमेशन फिल्म पैकेज’ के तहत अंतरराष्ट्रीय एनीमेशन फिल्मों की विशेष स्क्रीनिंग और संवाद सत्र आयोजित हुआ। एनीमेशन फिल्म निर्माता वैभव कुमारेश ने ‘रिटर्न टू द जंगल’ पर मास्टरक्लास में फिल्म की रचनात्मक एवं तकनीकी प्रक्रिया साझा की। वहीं, ‘लेवल अप: द फ्यूचर ऑफ गेमिंग’ पैनलप चर्चा में कीरीट खुराना, हुजैफा अरब, लक्ष्मी राधवा, सलमान अरशद, उपाध्यक्ष (इंजीनियरिंग), हाइपरज़ोड टेक्नोलॉजीज और रेणुका टंडन ने ‘क्रिएट इन इंडिया’ पहल, गेमिंग उद्योग की संभावनाओं और इंटरैक्टिव मनोरंजन के भविष्य पर विचार रखे।

महोत्सव में विजेताओं, सहयोगी संस्थानों और प्रमुख योगदानकर्ताओं को सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश पर्यटन और एसआरएस सिनेमाज के प्रतिनिधियों को भी सम्मान प्रदान किया गया। अंतरराष्ट्रीय फिल्म श्रेणी में ‘स्लो डेटिंग’ के लिए एडम सजूदरिच को सर्वश्रेष्ठ क्रिटिक्स अवॉर्ड, ‘कारटापेस्ता’ के लिए एंड्रिया को सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री अवॉर्ड और ‘ट्रेडिंग कार्ड्स’ के लिए राधेय जंग को सर्वश्रेष्ठ एनीमेशन अवॉर्ड दिया गया। ‘स्प्रिंग इन ए बॉटल’ को सर्वश्रेष्ठ एआई-असिस्टेड फिल्म का सम्मान मिला, जबकि ‘लेट्स प्ले बॉल’ फर्स्ट रनर-अप रही।
‘अलफ्रेस्को’ के लिए इग्नासिओ को सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय निर्देशन, ‘लैकार्यो’ के लिए जियालुक को सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय एडिटिंग, ‘माहरोह’ के लिए सर्वश्रेष्ठ स्क्रीनप्ले और ‘किलिंग ए ट्रेटर’ के लिए सर्वश्रेष्ठ साउंड डिजाइन का पुरस्कार दिया गया। ‘ब्लांचेत एंड द एट सेंट’ के लिए ह्यूगो मार्टर्स को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और ‘मटका’ की अभिनेत्री मारिया को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला।
लखनऊ फिल्म फेस्टिवल 2026 की चयनित फिल्मों में ‘अंटिल कैन फ्लाई’ ने सर्वश्रेष्ठ एनीमेशन का पुरस्कार जीता। एआई हैकाथॉन के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। महोत्सव का समापन ऑस्कर के लिए नामांकित फिल्म ‘पारो’ की स्क्रीनिंग के साथ हुआ। इसके बाद तृप्ति विलास भोइर के साथ प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया। आयोजन में योगदान के लिए विभा अग्रवाल, रचना टंडन, नमिता गुप्ता और संगीता बनर्जी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal