Tuesday , August 25 2026

सहकारी ग्राम विकास बैंक की प्रगति की समीक्षा, सभापति ने दिए ये निर्देश

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड के प्रधान कार्यालय, सभापति डॉ. विवेक सिंह तोमर की अध्यक्षता में क्षेत्रीय प्रबंधकों की समीक्षा बैठक सोमवार को आयोजित की गई। बैठक में प्रबंध निदेशक राजेश कुलश्रेष्ठ, मुख्य महाप्रबंधक (प्रशासन) रत्नाकर सिंह सहित समस्त योजना अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में बैंक की कार्यप्रणाली, ऋण वितरण, वसूली, वित्तीय स्थिति तथा क्षेत्रीय स्तर पर संचालित विभिन्न गतिविधियों की गहन समीक्षा की गई। सभापति डॉ. विवेक सिंह तोमर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैंक की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र किसानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक सुगमता और पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाए।

उन्होंने ऋण वसूली में तेजी लाने, एनपीए को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करने तथा बैंक की वित्तीय स्थिति को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने में सदैव अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

बैठक में शाखावार कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के कड़े निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शाखाओं की नियमित समीक्षा करें तथा ग्राहकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

बैठक के अंत में सभापति डॉ. विवेक सिंह तोमर एवं प्रबंध निदेशक राजेश कुलश्रेष्ठ ने सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों को बैंक की प्रगति एवं निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति के लिए पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।