लक्ष्मण टीला में पूजा की अनुमति नहीं तो क्यों पढ़ी जा रही नमाज : ऋषि त्रिवेदी
लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अखण्ड आर्यावर्त आर्य त्रिदंडी महासभा के लक्ष्मण टीला स्थित टीलेश्वर महादेव मन्दिर में होने वाले जलाभिषेक कार्यक्रम पर प्रशासन की अनुमति न मिलने के बावजूद जलाभिषेक के लिये अड़े संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी सहित, प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रमौलि शुक्ला, कार्यकारी अध्यक्ष गौरव गोस्वामी, प्रवक्ता बाबा महादेव, शिवम वर्मा सहित कई पदाधिकारियों को नजरबंद कर दिया गया।

प्रशासन द्वारा लक्ष्मण टीला स्थित टीलेश्वर महादेव मन्दिर में जलाभिषेक के लिये जाने से रोके जाने के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने बिठूर से लाये गये गंगाजल को संगठन मुख्यालय के निकट हनुमान मन्दिर में अर्पित कर दिया गया। हालांकि पुलिस सतर्कता के बावजूद संगठन की दो महिला पदाधिकारी कनक श्रीवास्तव और गीता गुप्ता लक्ष्मण टीला के मुख्य द्वार पर पहुंचने में सफल रही और वहां गंगाजल अर्पण किया।
इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी ने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए प्रदेश सरकार से मांग की है कि यदि लक्ष्मण टीला पर पूजा की अनुमति नहीं है तो वहां पढ़ी जा रही नमाज पर भी रोक लगायी जाये। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो आगामी छह दिसम्बर को टीलेश्वर महादेव मन्दिर पर कारसेवा करने के लिये संगठन बाध्य होगा।

मालूम हो कि इस माह के प्रारम्भ में संगठन द्वारा लक्ष्मण टीला स्थित टीलेश्वर महादेव मंदिर में बिठूर के गंगाजल से जलाभिषेक का कार्यक्रम घोषित किया गया था। इस मौके पर श्री त्रिवेदी ने कहा कि यदि उन्हें टीलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा और जलाभिषेक करने से रोका जा रहा है, तो धार्मिक गतिविधियों के संबंध में प्रशासन को सभी पक्षों के लिए समान नीति अपनानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से किसी भी पक्ष के साथ भेदभाव न करने की अपील की।

श्री ऋषि त्रिवेदी ने मौलाना शमीम के मीडिया में जारी कथित बयान का भी जिक्र किया जिसमें ‘मरने-मारने’ की बात कही गई थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए ऋषि त्रिवेदी ने कहा, हमने हाथों में चूड़ियां नहीं पहन रखी हैं। अगर बात मरने-मारने तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी तो हम पीछे नहीं हटेंगे। ऋषि त्रिवेदी ने कहा कि संगठन किसी भी प्रकार की हिंसा के पक्ष में नहीं है और अपनी मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाता रहेगा।

उन्होंने कहा कि लक्ष्मण टीला और टीलेश्वर महादेव मंदिर से जुड़े मुद्दे को लेकर संगठन का संघर्ष जारी रहेगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी ने आगे की रणनीति का ऐलान करते हुए कहा कि 6 दिसंबर को शौर्य दिवस के अवसर पर टीलेश्वर महादेव मंदिर में कारसेवा के लिए कार्यकर्ताओं का आह्वान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन अपने धार्मिक और ऐतिहासिक दावों को लेकर आगे भी लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाता रहेगा।
जगद्गुरू रामभद्राचार्य भी कह चुके है लक्ष्मणटीला में बनकर रहेगा मन्दिर
अखण्ड आर्यावर्त आर्य त्रिदंडी महासभा के आज होने वाले जलाभिषेक कार्यक्रम को भले ही प्रशासन ने रोक दिया हो। लेकिन कुछ माह पूर्व सीतापुर रोड स्थित सेवा परिसर में हुई श्रीरामकथा में पद्मविभूषण तुलसीपीठाधीश्वर जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य महाराज ने भी लक्ष्मण टीला के पक्ष में बोलते हुये कहा था कि लखनऊ वास्तव में लक्ष्मण नगरी है। गोमतीतट पर स्थापित लक्ष्मण टीला पर आज भी भगवान लक्ष्मण का सानिध्य अनुभव किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने कहा था कि लक्ष्मण टीला पर लक्ष्मण जी का भव्यतम मन्दिर बन कर रहेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुये कहा था कि इस मामले को लेकर न्यायालय में चल रहे वाद का निर्णय हिन्दुओं के पक्ष में आयेगा। मालूम हो कि उस दौरान अखण्ड आर्यावर्त आर्य त्रिदंडी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी ने लक्ष्मण टीला मामले को लेकर स्वामी रामभद्राचार्य से मुलाकात भी की थी।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal