Monday , August 24 2026

व्यापारी शंखनाद सम्मेलन में गूंजी राजनीतिक हिस्सेदारी की मांग

सितंबर में होगी 5 हजार व्यापारियों की बड़ी रैली : संजय गुप्ता

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के 22वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित “व्यापारी शंखनाद सम्मेलन” का शुभारंभ शंख ध्वनि और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने व्यापारियों से राजनीतिक रूप से मजबूत होने का आह्वान करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव सहित अन्य चुनावों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्य वक्ता संजय गुप्ता ने संगठन के 22वें स्थापना दिवस पर व्यापारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आर्थिक के साथ-साथ राजनीतिक रूप से भी मजबूत होना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सभी राजनीतिक दल चुनाव के समय व्यापारियों का समर्थन लेते हैं, लेकिन सरकार बनने के बाद व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और उन्हें प्राथमिकता देने में अपेक्षित रुचि नहीं दिखाई जाती।

संजय गुप्ता ने कहा कि व्यापारियों के सामने लगातार नई चुनौतियां खड़ी हो रही हैं और उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करना पड़ रहा है। विधानसभा चुनाव नजदीक आने के मद्देनजर उन्होंने व्यापारियों से विधानसभा, नगर पालिका, नगर परिषद, संसदीय तथा अन्य सभी चुनावों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अब व्यापारियों को अपनी समस्याओं और हितों के लिए स्वयं राजनीतिक शक्ति खड़ी करनी होगी।

उन्होंने कहा कि चुनाव लगातार महंगे होते जा रहे हैं, जिसके कारण ईमानदार और सामाजिक सरोकार रखने वाले लोग राजनीति से दूर होते जा रहे हैं। ऐसे में धनबल और बाहुबल का प्रभाव बढ़ रहा है। उन्होंने व्यापारियों से राजनीतिक क्षेत्र में आगे आने की अपील की।

सभी दलों से टिकट में हिस्सेदारी की मांग

संजय गुप्ता ने आगामी विधानसभा चुनाव में सभी राजनीतिक दलों से व्यापारी समाज को टिकट में पर्याप्त हिस्सेदारी देने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब व्यापारी समाज अपने मुद्दों के आधार पर ही किसी राजनीतिक दल का समर्थन करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 13.39 करोड़ मतदाताओं में करीब 90 लाख व्यापारी मतदाता हैं। यदि व्यापारियों के परिवार और कर्मचारियों को भी शामिल किया जाए तो व्यापारी समाज का प्रभाव लगभग तीन करोड़ मतों तक पहुंचता है।

उन्होंने कहा कि यदि व्यापारी जाति और धर्म से ऊपर उठकर एकजुट होकर मतदान करें तो सरकार बनाने में उनकी निर्णायक भूमिका हो सकती है और भविष्य में कोई भी राजनीतिक दल व्यापारियों के हितों की अनदेखी नहीं कर पाएगा। संजय गुप्ता ने कहा कि व्यापारी समाज को धर्म और जाति की राजनीति से अलग रहकर केवल व्यापार और विकास के मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए।

चिकित्सा और शिक्षा निशुल्क करने की मांग

सम्मेलन में व्यापारियों ने सभी वर्गों के लिए चिकित्सा और शिक्षा निशुल्क करने की मांग भी उठाई। वक्ताओं ने कहा कि आम जनता के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।

ई-कॉमर्स नीति को लेकर आंदोलन की चेतावनी

संजय गुप्ता ने कहा कि ई-कॉमर्स कंपनियों के मनमाने व्यापार से खुदरा कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से मांग के बावजूद सरकार ई-कॉमर्स नीति नहीं ला सकी है, जो निराशाजनक है। उन्होंने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल ई-कॉमर्स नीति बनवाने के लिए आंदोलन करेगा।

सम्मेलन में वाटर कनेक्शन के बिना जलकर का बिल भेजे जाने तथा नगर निगम की ओर से विभिन्न व्यवसायों पर लाइसेंस शुल्क लगाए जाने का भी विरोध किया गया। व्यापारियों ने इन मुद्दों को लेकर भी आंदोलन की घोषणा की।

25 व्यापारी सम्मानित, सितंबर में होगी बड़ी रैली

सम्मेलन के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 25 व्यापारियों को प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने सम्मानित किया। इस अवसर पर राजधानी के व्यापारियों ने संजय गुप्ता का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया और उन्हें तलवार सहित अन्य स्मृति चिह्न भेंट किए। संजय गुप्ता ने सितंबर माह में बड़ी व्यापारी रैली आयोजित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि रैली में पांच हजार से अधिक व्यापारी शामिल होंगे।

सम्मेलन को प्रदेश कोषाध्यक्ष मोहम्मद अफजल, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अविनाश त्रिपाठी, महामंत्री शशिकांत शर्मा, प्रांतीय मंत्री संदीप सिंह गौर, प्रदेश उपाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह चड्ढा, प्रदेश उपाध्यक्ष आसिफ किदवई, इकबाल हसन, पवन जायसवाल, शेखर कुमार, नगर अध्यक्ष हजिंदर सिंह, नगर महामंत्री मोहित कपूर, राजीव शुक्ला, आशीष गुप्ता, संजय त्रिवेदी, राजन मिश्रा, संजीव जैन, ट्रांस गोमती प्रभारी मनीष पांडे, ट्रांस गोमती चेयरमैन अशोक यादव और ट्रांस गोमती अध्यक्ष अनिरुद्ध निगम ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ व्यापारी नेता कमल अग्रवाल, हिमांशु गुप्ता, मोहम्मद ग्यास, हेमंत कुकरेजा, श्याम सुंदर अग्रवाल, अनिला अग्रवाल, सुनील मौर्या, अंशु श्रीवास्तव, मनोज अग्रवाल, धर्मेंद्र कुमार तिवारी, संतोष गुप्ता, राजू जायसवाल, मोहम्मद आरिफ कुरैशी, अभय अग्रवाल, क्षितिज अवस्थी, दिनेश शर्मा, प्रवीण मिश्रा, अंजलि मौर्य, दिनेश कुमार, अजय प्रताप सिंह, संजय अग्रवाल, निखिल शर्मा, रमेश, संजय जैन और राहुल गुप्ता सहित राजधानी के विभिन्न प्रमुख बाजारों के अध्यक्ष, महामंत्री एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।