Monday , August 24 2026

हर पौधे को वृक्ष बनाने का संकल्प, बांदा में चला व्यापक पौधरोपण अभियान

बांदा (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। जल एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्यरत इंस्टीट्यूट फॉर वाटर एंड क्लाइमेट इनिशिएटिव्स (IWCI) की ओर से ग्राम पंचायत बिसंडी खुर्द के राजस्व ग्राम मथना खेड़ा एवं बेनी के पुरवा में वृक्षारोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान 400 से अधिक पौधों का रोपण एवं वितरण किया गया।

कार्यक्रम में पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण और उनके जीवित रहने पर विशेष जोर दिया गया। पर्यावरण एवं स्वास्थ्य की दृष्टि से उपयोगी आंवला, सहजन, जामुन, आम और अमरूद जैसे पौधों को प्राथमिकता दी गई। स्थानीय किसानों और समुदाय के सदस्यों द्वारा करीब डेढ़ वर्ष तक पौधों की देखभाल की जाएगी।

आईडब्लूसीआई की सीईओ प्रशंसा गुप्ता ने कहा कि जल संरक्षण और स्वच्छ वायु आज हमारी प्राथमिक आवश्यकता हैं। संस्था का प्रयास केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनकी देखभाल कर उन्हें स्वस्थ वृक्ष के रूप में विकसित करना है।

कार्यक्रम में डॉ. अर्चना भारती, डॉ. एम.डी. शरीफ, रफाकत हुसैन खान, रोहित श्रीवास्तव, शिव निधान, सदाशिव अनुरागी, ओम एवं प्रीति साहू सहित ग्राम पंचायत अध्यक्ष आनंद किशोर, कोटेदार बड़कू प्रसाद और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षक, किसान, महिलाएं एवं ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्थानीय समुदाय ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।