लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से जनविकास महासभा एवं सामाजिक संस्था सोसायटी ऑफ कॅरियर टेक्नोलाॅजी (सोक्ट) के तत्वावधान में संयुक्त रूप से विद्यार्थी प्रतिभा उत्सव कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत सोमवार को आर्ष गुरुकुल विद्या मंदिर, रसूलपुर, जानकीपुरम विस्तार में हुये कार्यक्रम में छात्रों ने देशभक्ति के गीतों में नृत्य, गायन एवं स्पीच में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जनविकास महासभा के अध्यक्ष पंकज तिवारी ने बताया कि विद्यार्थी प्रतिभा उत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को तनावमुक्त शिक्षा एवं सफल जीवन जीने के लिये उन्हें उनकी प्रतिभा के प्रदर्शन के लिये प्रेरित किया गया।

आर्ष गुरुकुल विद्या मंदिर की प्रधानाचार्या बबिता श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की सराहना करते हुये कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से विद्यार्थियों का ना केवल सर्वागीण विकास होता है वरन उनके अन्दर पढ़ाई के दौरान होने वाला तनाव भी कम होता है। कार्यक्रम में सोक्ट के महामंत्री व जनविकास महासभा के अध्यक्ष पंकज तिवारी, महासचिव व परी पुस्तक केन्द्र के प्रमुख अजय यादव सहित विद्यालय के अभिषेक कुमार वर्मा, मानेन्द्र प्रताप यादव, आराधना सिन्हा, ज्योति विश्वकर्मा, नेहा भोला, सपना श्रीवास्तव, मीनू यादव, क्रान्ति, रवि गुप्ता, नीलम सिंह, राज पाण्डेय सहित विद्यार्थी मौजूद रहे। अंत में सभी विद्यार्थियों को पर्यावरण एवं जल संरक्षण तथा नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प दिलाया गया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal