लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आदित्य बिड़ला कैपिटल लिमिटेड (एबीसीएल) के एनबीएफसी कारोबार ने लखनऊ में एक समर्पित शाखा शुरू करके गोल्ड लोन कारोबार में प्रवेश की घोषणा की। उत्तर प्रदेश संगठित गोल्ड लोन कारोबार के लिए एक उच्च संभावनाओं वाले बाजार के रूप में उभर रहा है। सीआरआईएफ हाई मार्क के अनुसार, मार्च 2026 तक राज्य में सक्रिय गोल्ड लोन का मूल्य 42,300 करोड़ रुपये से अधिक था, जिसमें सालाना आधार पर 78.3 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की गई।
प्रमुख वाणिज्यिक एवं प्रशासनिक केंद्र होने के कारण लखनऊ एबीसीएल के शुरुआती विस्तार के लिए एक महत्वपूर्ण बाजार है। इस सेवा के तहत पारदर्शी मूल्य निर्धारण, गिरवी रखे गए आभूषणों की सुरक्षित देखरेख और शहरी तथा अर्ध-शहरी बाजारों में विभिन्न ग्राहक वर्गों के लिए सरल ऋण प्रक्रिया उपलब्ध कराई जाएगी।
इस शुरुआत के बारे में आदित्य बिड़ला कैपिटल लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी-एनबीएफसी राकेश सिंह ने कहा, “हमारे गोल्ड लोन कारोबार की शुरुआत आदित्य बिड़ला कैपिटल के व्यापक और ग्राहक-केंद्रित वित्तीय सेवा तंत्र के निर्माण की यात्रा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उत्तर प्रदेश में एक प्रमुख शहरी केंद्र के रूप में लखनऊ की स्थिति और यहां ग्राहकों के विविध आधार के कारण यह हमारे गोल्ड लोन कारोबार के लिए एक महत्वपूर्ण बाजार है।”

उन्होंने कहा, “हमारी चरणबद्ध विस्तार योजना मजबूत गवर्नेंस, परिचालन उत्कृष्टता और आदित्य बिड़ला कैपिटल से जुड़े विश्वास के आधार पर निर्बाध ओम्नीचैनल अनुभव के माध्यम से विश्वसनीय, पारदर्शी और सुविधाजनक सुरक्षित ऋण समाधानों को अधिक लोगों तक पहुंचाने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। लखनऊ में अपनी मौजूदगी मजबूत करते हुए हम शहर में ग्राहकों की बदलती वित्तीय जरूरतों को पूरा करके उनके साथ दीर्घकालिक संबंध बनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।”
वित्त वर्ष 2026 में एनबीएफसी की परिसंपत्ति प्रबंधन के तहत राशि (एयूएम) सालाना आधार पर 27 प्रतिशत बढ़कर 1,59,916 करोड़ रुपये हो गई। इसमें खुदरा और एसएमई कारोबार की हिस्सेदारी करीब 68 प्रतिशत रही। इस दौरान ऋण वितरण 25 प्रतिशत बढ़कर 84,204 करोड़ रुपये और कर-पूर्व लाभ (पीबीटी) 20 प्रतिशत बढ़कर 4,023 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में भी विकास की गति जारी रही। इस दौरान एयूएम सालाना आधार पर 28 प्रतिशत बढ़कर 1,67,456 करोड़ रुपये, ऋण वितरण 34 प्रतिशत बढ़कर 21,201 करोड़ रुपये और कर-पूर्व लाभ 32 प्रतिशत बढ़कर 1,222 करोड़ रुपये हो गया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal