लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अखण्ड आर्यावर्त आर्य त्रिदंडी महासभा, उत्तर प्रदेश इकाई की गुरुवार को हुयी पदाधिकारियों की बैठक में आगामी 24 अगस्त को लक्ष्मण टीला स्थित टीलेश्वर महादेव मन्दिर में जलाभिषेक में देश और प्रदेश से कार्यकर्ताओं के साथ सभी सनातनियों से पहुंचने का आह्वान किया गया। बैठक में कार्यक्रम की सफलता को लेकर तैयार की गयी रूपरेखा पर भी मंथन हुआ।
संगठन के केन्द्रीय मुख्यालय, में राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष गौरव गोस्वामी ने जलाभिषेक की तैयारी को लेकर पूरी रूपरेखा रखी। बैठक में लक्ष्मण टीला में होने वाले जलाभिषेक के साथ ही लखनऊ शहर के त्रिपाठी परिवार की महिलाओं को न्याय दिलाने में अनदेखी कर रही पुलिस प्रशासन की कड़ी निन्दा की गई। वही इस मामले की जांच करवाने के साथ दोषियों के खिलाफ कार्यवाही के लिये नई रणनीति तैयार करने पर भी चर्चा की गयी। जिसमें यह निर्णय लिया गया कि यदि पुलिस प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं करेगा तो संगठन पीड़िताओं के साथ शासन के दरवाजे पर दस्तक देगा।
बैठक को सम्बोधित करते हुये संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी ने कहा कि लक्ष्मण नगरी लखनऊ स्थित लक्ष्मण टीला के अस्तित्व को पूर्ववर्ती सरकारों और शासन-प्रशासन के अधिकारियों ने मिटाने का कार्य किया। यही नहीं तत्कालीन अखिलेश सरकार ने विकास के नाम पर लक्ष्मण टीला के अस्तित्व को तो पूरी तरह से मिटाने का कार्य किया था। लेकिन अखण्ड आर्यावर्त आर्य त्रिदंडी महासभा लक्ष्मण टीला पर लगे मुस्लिम आक्रांताओं की निशानियों को हटाकर वहां स्थित टीलेश्वर महादेव मन्दिर में पूजा-पाठ के लिये अन्तिम समय तक संघर्ष करती रहेगी।
श्री त्रिवेदी ने बैठक में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से स्पष्ट कहा कि 24 अगस्त को जलाभिषेक के लिये लक्ष्मण टीला जरूर पहुंचे। उन्होंने आशंका व्यक्त करते हुये कहा कि सरकार और पुलिस प्रशासन इस कार्यक्रम को रोकने के लिये कदम उठा सकती है। इसके बावजूद संगठन के कार्यकर्ता किसी दबाव में न आकर जलाभिषेक के लिये तत्पर रहेगें। श्री त्रिवेदी ने बताया कि जलाभिषेक कार्यक्रम की अन्तिम रूप से तैयार की जा रही रूपरेखा से पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अवगत करा दिया जायेगा, ताकि कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से सफलतापूर्वक आयोजित किया जा सके।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal