Wednesday , July 29 2026

बाल निकुंज : गुरु वंदना के बीच उत्कृष्ट योगदान के लिए 87 शिक्षकों का सम्मान

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बाल निकुंज इंटर कॉलेज (गर्ल्स विंग), मोहिबुल्लापुर स्थित शिव सहाय जी सभागार में बुधवार को भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण तथा बोर्ड परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट परिणाम दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 87 शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं विशिष्ट पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि मौजूद एमएलसीउमेश द्विवेदी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। विद्यार्थियों ने “गुरु प्रेम बनाए रखना, चरणों में लगाए रखना” तथा “गुरुदेव का जो सम्मान करें, उस पर कृपा भगवान करें” जैसी भावपूर्ण गुरु वंदनाएं प्रस्तुत कर उपस्थित शिक्षकों एवं अतिथियों को भावविभोर कर दिया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि उमेश द्विवेदी ने कबीरदास के प्रसिद्ध दोहे “गुरु गोविंद दोउ खड़े, काके लागूं पाय। बलिहारी गुरु आपने, गोविंद दियो बताए॥” तथा श्लोक “गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णुः गुरुर्देवो महेश्वरः। गुरुर्साक्षात् परब्रह्म तस्मै श्रीगुरवे नमः॥” का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरु का स्थान ब्रह्मा से भी ऊंचा माना गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि संस्कार, चरित्र और व्यक्तित्व का निर्माण कर समाज की मजबूत नींव रखते हैं। ऐसे में शिक्षक समाज के सर्वाधिक सम्मानित व्यक्तियों में शामिल हैं।

कार्यक्रम में कॉलेज के प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल, कोऑर्डिनेटर सुधीर मिश्रा, सभी शाखाओं के प्रधानाचार्य, इंचार्ज तथा वरिष्ठ कक्षाओं के शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। समारोह का समापन गुरुजनों के सम्मान और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ हुआ।