Thursday , July 16 2026

युगांत

वो तंग गली मेरे बचपन की
हर मोड़ जहां इक याद खड़ी
कुछ धुंधली सी
कुछ प्यारी सी
जीवन की एक किताब मिली
दो चार पृष्ठ बस पलटे थे
सोंधी खुशबू से मन
पुलक उठा
मन हुआ बावरा
उड़ निकला
यादों की एक दुकान दिखी
जहां मिलती खुशियां
प्रेम-भाव से
मठरी थी वो
अहसास भरी।
जो चार कदम
हम बढ़ निकले
इक फाटक पर
हर आंख जमीं
होंठों पर मुस्कान भरी
पर आंखों में थी
कुछ तो नमी।
आंगन का वो पेड़ बड़ा सा
याद मुझे तो अब भी है
नाना की बसती जान थी जिसमें
वो क्यारी अब बेजान पड़ी।
वो नानी की बंद बरनियां
छुपा के कोने में रखी
खट्टी-मीठी यादों का
प्यारा भरा अहसास घुली।
जो आंख बंद कर बैठ गए
कुछ सीढ़ी पर अब धूल मिली
न चौखट अपनी
न आंगन अपना
पर यादों पर न धूल चढ़ी
अपनेपन की गहराई में
गहन वेदना मौन खड़ी
अब लौट चला
मन मेरा बावरा
अब आंखों में थी
केवल ही नमी
इक कसक रह गई
बाकी अब भी
क्यों चौखट मेरी
नीरव सी पड़ीl

✒️ निधि श्रीवास्तव ✒️