Wednesday , July 8 2026

व्यापारियों की मांग पर विधायक डॉ. नीरज बोरा ने नहर रोड जल्द खुलवाने का दिया आश्वासन

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। जानकीपुरम विस्तार इलाके में नहर रोड पर गहरी सीवर लाइन बिछाने के लिए चल रहे निर्माण कार्य के कारण हो रही परेशानी से निजात दिलाने के लिए स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने विधायक डॉ. नीरज बोरा से गुहार लगाई है। 

बुधवार को जन उद्घोष व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और सीवर लाइन निर्माण के कारण बंद किए गए मार्ग से उत्पन्न गंभीर समस्याओं से अवगत कराया।

प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को अवगत कराया कि सड़क बंद होने के कारण स्थानीय व्यापारियों, क्षेत्रवासियों एवं आम नागरिकों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही स्थानीय व्यापार भी गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक मार्ग अथवा बंद मार्ग को शीघ्र खोलने की मांग की।

समस्या की गंभीरता को देखते हुए विधायक डॉ. नीरज बोरा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे जल निगम के अधिकारियों से वार्ता कर इस समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करेंगे, जिससे आम जनता एवं व्यापारियों को राहत मिल सके।

प्रतिनिधिमंडल में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष देवेन्द्र प्रताप सिंह, प्रदेश महामंत्री विनोद कुमार सिंह, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुशील कुमार सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष विजय उपाध्याय, जानकीपुरम विस्तार इकाई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जावेद आलम सिद्दीकी, महामंत्री दिवाकर पाण्डेय, विनय सिंह, नवीन सिंह, श्रवण मौर्य सहित कई व्यापारी शामिल थे।