लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। खरीफ 2026 के दौरान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सभी पात्र किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) धारक कृषकों का शत-प्रतिशत बीमा कवरेज सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी), उत्तर प्रदेश द्वारा एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता शैलेन्द्र कुमार सिंह (महाप्रबंधक एवं संयोजक, राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, उत्तर प्रदेश) ने की।
बैठक में पंकज कुमार (मुख्य महाप्रबंधक, नाबार्ड, लखनऊ), प्रमोद कुमार (संयुक्त निदेशक, कृषि सांख्यिकी विभाग, उत्तर प्रदेश), संजय सिंह (सहायक निदेशक, संस्थागत वित्त), निधि कुमार (उप महाप्रबंधक, एसएलबीसी) सहित विभिन्न बैंकों के राज्य प्रमुखों व वरिष्ठ अधिकारियों ने सहभागिता की। साथ ही प्रदेश के सभी जनपदों के अग्रणी जिला प्रबंधक (LDMs) व बैंकों के क्षेत्रीय एवं आंचलिक कार्यालयों के वरिष्ठ अधिकारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
बैठक में खरीफ 2025 के दौरान योजना की उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए बताया गया कि प्रदेश में लगभग 13.34 लाख हेक्टेयर क्षेत्र को फसल बीमा कवरेज प्रदान किया गया तथा किसानों को ₹770.27 करोड़ के बीमा दावों का भुगतान किया गया। जिससे योजना के प्रति किसानों का विश्वास और सुदृढ़ हुआ है।

संयुक्त निदेशक, कृषि सांख्यिकी विभाग ने अवगत कराया कि खरीफ 2026 के लिए पात्र किसानों का बीमा करने हेतु राष्ट्रीय फसल बीमा पोर्टल (NCIP) शीघ्र प्रारंभ किया जाने वाला है। इसके साथ ही बैठक में सभी सदस्य बैंकों को निर्देशित किया गया कि पोर्टल संचालित होते ही पात्र KCC धारक कृषकों का बिना किसी विलंब के बीमा नामांकन सुनिश्चित किया जाए तथा शत-प्रतिशत कवरेज के लक्ष्य को प्राथमिकता के साथ प्राप्त किया जाए।
महाप्रबंधक, बैंक ऑफ बड़ौदा एवं संयोजक, एसएलबीसी उत्तर प्रदेश ने सभी बैंकों से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु समाचार-पत्र, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया, एफएम रेडियो, पोस्टर, बैनर, पम्पलेट, ग्राम सभाओं एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रमों का प्रभावी उपयोग किया जाए। जिससे अधिक से अधिक पात्र कृषक योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। साथ ही उन्होने सभी से केसीसी ऋण आवेदन हेतु भारत सरकार द्वारा तैयार Krishika app के इस्तेमाल को बढ़ावा देने का अनुरोध किया।
मुख्य महाप्रबंधक, नाबार्ड, लखनऊ ने सभी अग्रणी जिला प्रबंधकों (LDMs) से अनुरोध किया कि वे अपने-अपने जनपदों में नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक (DDM) के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सभी बैंकों एवं बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों की नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित करें तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रगति की सतत समीक्षा सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि जुलाई 2026 के दौरान प्रत्येक पंचायत समिति स्तर पर कृषि विभाग के सहयोग से किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) संतृप्ति एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के शत-प्रतिशत कवरेज हेतु विशेष शिविरों का आयोजन किया जाए।
बैठक के अंत में उप महाप्रबंधक, एसएलबीसी, उत्तर प्रदेश ने सभी सदस्य बैंकों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए प्रदेश के प्रत्येक पात्र किसान तक योजना का लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal