Wednesday , July 1 2026

राजकीय महिला पीजी कॉलेज : प्रो. शिवानी श्रीवास्तव ने संभाली कार्यवाहक प्राचार्य की जिम्मेदारी

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पंडित दीन दयाल उपाध्याय राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजाजीपुरम में बुधवार को प्रो. शिवानी श्रीवास्तव ने कार्यवाहक प्राचार्य के रूप में पदभार ग्रहण किया। महाविद्यालय की पूर्व प्राचार्य प्रो. सुषमा देवी के राजकीय महाविद्यालय, लतीफ़नगर स्थानांतरण के बाद यह पद रिक्त हो गया था।

पदभार ग्रहण करने के अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने प्रो. शिवानी श्रीवास्तव का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया तथा उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान महाविद्यालय में सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण रहा।

कार्यभार संभालने के बाद प्रो. शिवानी श्रीवास्तव ने कहा कि उनकी प्राथमिकता महाविद्यालय के समग्र विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण तथा छात्राओं के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों के सहयोग से महाविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सकारात्मक और प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।

महाविद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि प्रो. शिवानी श्रीवास्तव के नेतृत्व में संस्थान शैक्षणिक उत्कृष्टता, प्रशासनिक दक्षता एवं विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।