लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेज के संस्थापक स्व. शिव सहाय जायसवाल की जयंती के अवसर पर बुधवार को बक्शी का तालाब इलाके के रामपुर बेहरा स्थित डिग्री कॉलेज परिसर में “निकुंज ज्योति दिवस” के साथ शिव सहाय गर्ल्स पीजी कॉलेज का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आईपीएस अपर्णा कुमार, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध), लखनऊ ने फीता काटकर, मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन तथा कॉलेज नामकरण स्मारक का लोकार्पण कर किया।

मुख्य अतिथि अपर्णा कुमार ने कहाकि नारी सशक्तिकरण की दिशा में गर्ल्स पीजी कॉलेज की स्थापना एक सराहनीय एवं प्रेरणादायक पहल है। उन्होंने कहा कि इस संस्थान के माध्यम से क्षेत्र की बेटियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल एवं चेयरमैन आयुष जायसवाल को इस पहल के लिए शुभकामनाएं देते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया और कहा कि नारी उत्थान का यह प्रयास वटवृक्ष की तरह निरंतर फलता-फूलता रहे।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने बाल निकुंज समूह की विभिन्न शाखाओं की वर्ष 2026 की इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मेधावी छात्राओं को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही कॉलेज परिसर में उनके नाम पर वृक्षारोपण भी किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से हुई। इसके बाद उपस्थित अतिथियों का बुके, स्मृति चिन्ह एवं दुशाला भेंट कर स्वागत किया गया। समारोह के दौरान शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

समारोह में प्रबंधिका पुष्पा जायसवाल ने निकुंज परिवार के सभी 415 कर्मचारियों को यूनिफॉर्म भेंटकर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में शिक्षा जगत से जुड़े 35 शिक्षण संस्थानों के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर संस्थान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर प्रबंधिका पुष्पा जायसवाल, प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल, चेयरमैन आयुष जायसवाल सहित अनेक शिक्षाविद, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का समापन सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal