Tuesday , June 30 2026

प्रो. रश्मि बिश्नोई सेवानिवृत्त, प्रो. शालिनी श्रीवास्तव को मिली महाविद्यालय की कमान

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अलीगंज में मंगलवार को कार्यवाहक प्राचार्या प्रोफेसर रश्मि बिश्नोई के सेवानिवृत्त होने पर भावभीना विदाई समारोह एवं कार्यभार हस्तांतरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उनके सेवानिवृत्त होने के उपरांत अंग्रेजी विभाग की वरिष्ठ शिक्षिका प्रोफेसर शालिनी श्रीवास्तव ने महाविद्यालय की नई कार्यवाहक प्राचार्या के रूप में पदभार ग्रहण किया।

समारोह में महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, विभिन्न राजकीय महाविद्यालयों के प्राचार्य, पूर्व प्राचार्य एवं अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों एवं निवर्तमान कार्यवाहक प्राचार्या प्रो. रश्मि बिश्नोई ने अपने अनुभव साझा किए। वहीं डॉ. भास्कर शर्मा ने अभिनंदन गीत प्रस्तुत कर समारोह को भावपूर्ण बना दिया।

इस अवसर पर पूर्व प्राचार्य प्रोफेसर गौरी शंकर गुप्ता, प्रोफेसर अनुराधा तिवारी, प्रोफेसर ए.के. सैनी, राजकीय महाविद्यालय महमूदाबाद की प्राचार्य प्रोफेसर सीमा सिंह तथा राजकीय महाविद्यालय बिजली पासी की प्राचार्य प्रोफेसर सुमन गुप्ता सहित अनेक शिक्षाविद एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।

नवागत कार्यवाहक प्राचार्या प्रोफेसर शालिनी श्रीवास्तव ने कहा कि वह महाविद्यालय की गरिमा, प्रतिष्ठा और साख के अनुरूप कार्य करते हुए संस्थान की शैक्षणिक एवं विकासात्मक गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रोफेसर रश्मि बिश्नोई द्वारा प्रारंभ किए गए विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।

अपने संबोधन में निवर्तमान कार्यवाहक प्राचार्या प्रोफेसर रश्मि बिश्नोई ने महाविद्यालय परिवार, सहकर्मियों एवं कर्मचारियों के सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया तथा महाविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में रविन्द्र पाल सिंह एवं पल्लवी बिश्नोई विशेष आमंत्रित अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।