Monday , June 29 2026

सीवर चोक-ओवरफ्लो पर विधायक डॉ. नीरज बोरा का सख्त रुख, दिया ये अल्टीमेटम

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। क्षेत्र की जनता को जलभराव, सीवर चोक और ओवरफ्लो की गंभीर समस्या से निजात दिलाने के लिए विधायक डा. नीरज बोरा ने सोमवार को पुरनिया स्थित कार्यालय पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस बैठक में जल निगम, जलकल विभाग और सुएज इण्डिया के वरिष्ठ अधिकारी व प्रतिनिधि मुख्य रूप से मौजूद रहे।

बैठक के दौरान विधायक डा. नीरज बोरा ने संबंधित क्षेत्रों में सीवर व्यवस्था की बदहाली पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जानकीपुरम, फैजुल्लागंज सहित जोन 3 और जोन 6 के अंतर्गत आने वाले सभी वार्डों में सीवर चोक और ओवरफ्लो की समस्याओं का अगले 10 दिनों के भीतर हर हाल में स्थायी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

विधायक ने स्पष्ट किया कि सीवर से जुड़ी समस्याओं को लेकर जनता को और परेशान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरा नहीं हुआ या कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों और सुएज इण्डिया एजेंसी के खिलाफ शासन स्तर पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। 

विधायक ने जल निगम, जलकल और सुएज इण्डिया को आपस में बेहतर समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए। जिससे आम जनता की समस्याओं का निस्तारण हो सके। डा. नीरज बोरा ने कहाकि क्षेत्र में लगातार सीवर ओवरफ्लो की शिकायतें मिल रही थीं, जिससे स्थानीय निवासियों का जीना दूभर हो गया है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना रहता है। जनहित के कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 

बैठक में दिव्यांशु सिंह (अधिशासी अभियंता जल निगम), मनोज कुशवाहा (सहायक अभियंता जल निगम), गया प्रसाद (सहायक अभियंता जलकल जोन 3), गौरव सिंह एवं संजीव शाही (सुएज इंडिया प्रा.लि.) उपस्थित रहे।