Monday , June 29 2026

युवा उद्यमिता को मिली नई रफ्तार, बैंक ऑफ बड़ौदा को सीएम योगी ने किया सम्मानित

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (CM YUVA) के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया।

यह प्रतिष्ठित सम्मान 27 जून, 2026 को एमएसएमई दिवस (MSME Day) के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में प्रदान किया गया। इस अवसर पर एमएसएमई मंत्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी, औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर बैंक ऑफ बड़ौदा, लखनऊ अंचल के महाप्रबंधक एवं राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, उत्तर प्रदेश (SLBC-UP) के संयोजक शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बैंक की ओर से यह सम्मान ग्रहण किया।

यह सम्मान मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन, युवाओं को स्वरोजगार हेतु प्रोत्साहित करने तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण लाभ पहुँचाने में बैंक ऑफ बड़ौदा के उत्कृष्ट योगदान का प्रतीक है।

इस अवसर पर, बैंक ऑफ बड़ौदा, लखनऊ अंचल के महाप्रबंधक एवं राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, उत्तर प्रदेश (SLBC-UP) के संयोजक शैलेन्द्र कुमार सिंह ने यह सम्मान बैंक ऑफ बड़ौदा की सभी शाखाओं, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समर्पित करते हुए कहा कि यह गौरवपूर्ण उपलब्धि उनके अथक परिश्रम, समर्पण, टीमवर्क एवं उत्कृष्ट कार्य संस्कृति का प्रतिफल है। साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इसी उत्साह एवं प्रतिबद्धता के साथ वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन को दोहराने का आह्वान किया।

बैंक ऑफ बड़ौदा ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने ग्राहकों, लाभार्थियों, राज्य सरकार, विभागीय अधिकारियों तथा बैंक के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिया तथा भविष्य में भी मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान सहित सभी प्राथमिकता प्राप्त सरकारी योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता व्यक्त की। बैंक ऑफ बड़ौदा युवाओं के सशक्तिकरण, उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा उत्तर प्रदेश के समावेशी एवं सतत आर्थिक विकास में अपना योगदान निरंतर जारी रखेगा।