लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। महिला उद्यमिता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए फिक्की फ्लो लखनऊ द्वारा आयोजित प्रमुख स्टार्टअप पहल ‘FLO SheRises 2026’ के चौथे संस्करण का शनिवार को समापन हो गया। चेयरपर्सन सिमरन साहनी के नेतृत्व में आयोजित इस तीन दिवसीय एंटरप्रेन्योरियल बूट कैंप ने महिला उद्यमियों को व्यवसाय के विभिन्न आयामों की व्यावहारिक समझ, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और मजबूत नेटवर्किंग का अनूठा अवसर प्रदान किया।
इस महत्वाकांक्षी पहल का नेतृत्व सीनियर वाइस चेयरपर्सन देवांशी सेठ और संचालन एकता मौर्य, करिश्मा खन्ना ने किया। कार्यक्रम में चयनित महिला फाउंडर्स को अपने स्टार्टअप को सस्टेनेबल और स्केलेबल व्यवसाय में बदलने के लिए आवश्यक रणनीतियों, नेतृत्व कौशल और बिज़नेस टूल्स से सुसज्जित किया गया।
बूट कैंप में प्रतिभागियों ने देश के प्रतिष्ठित उद्योग विशेषज्ञों, सफल उद्यमियों और मेंटर्स के साथ संवाद किया। विभिन्न इंटरैक्टिव सेशनों और कार्यशालाओं के माध्यम से उन्हें स्टार्टअप इकोसिस्टम, सरकारी योजनाओं, निवेश एवं फंडिंग के अवसरों, ब्रांडिंग, सेल्स, बिज़नेस स्ट्रैटेजी, पिच डेक तैयार करने, फाउंडर माइंडसेट और प्रभावी नेतृत्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी प्राप्त हुई। साथ ही, उन्हें निवेशकों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और अन्य महिला उद्यमियों के साथ नेटवर्किंग का भी उत्कृष्ट अवसर मिला।

समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने 33 प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए उनके नवाचार, उद्यमशीलता के जज़्बे और प्रभावशाली व्यवसाय खड़े करने की प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने वाली ऐसी पहलें उत्तर प्रदेश के स्टार्टअप इकोसिस्टम को नई ऊर्जा प्रदान कर रही हैं और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
चयनित महिला उद्यमियों को मेंटरशिप क्लीनिक के माध्यम से अनुभवी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिलेगा। इसके बाद उन्हें आगामी ‘SheRises Conclave’ में अपने स्टार्टअप और बिज़नेस आइडिया को निवेशकों, उद्योग जगत और संभावित साझेदारों के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
इस बूट कैंप के दौरान अद्वैत कुर्लेकर, प्राची जैन, टीना मनसुखानी गर्ग, विवेक वर्मा, प्राजक्त राउत और नीतू बंसल सहित कई प्रतिष्ठित विशेषज्ञों ने मार्केटिंग, ब्रांडिंग, फाइनेंस, फंडिंग, पिच डेक, ग्रोथ स्ट्रैटेजी और फाउंडर माइंडसेट जैसे विषयों पर अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायी सत्र आयोजित किए।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal