लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊ उत्तर के विधायक डा. नीरज बोरा ने शनिवार को नगर निगम एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ डालीगंज मुख्य बाजार का स्थलीय निरीक्षण कर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अतिक्रमण, जल निकासी, सफाई एवं यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि चिन्हित अतिक्रमणकारियों को तत्काल नोटिस जारी किए जाएं। निर्धारित समयावधि के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के विरुद्ध ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने रामलीला मैदान से मोहन मीकिन की ओर जाने वाले बड़े नाले की आधुनिक मशीनों से कराई जा रही सफाई का अवलोकन किया। उन्होंने नाले पर हुए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश देते हुए नगर निगम को अवस्थापना निधि से नाले की रिटेनिंग वॉल का निर्माण कर उसे ढकने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को संबंधित पुलिया का चौड़ीकरण कराने के लिए भी निर्देशित किया।

डा. नीरज बोरा ने डालीगंज में संचालित मछली मंडी को अन्यत्र स्थानांतरित करने, कलक्टरगंज स्थित डालीगंज स्टेशन रोड पर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने तथा कलक्टरगंज के कूड़ा पड़ाव घर को हटाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से क्षेत्र में नियमित एवं प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और क्षतिग्रस्त सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने को भी कहा।

निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्ता, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सत्येंद्र नाथ, जोनल अधिकारी मनोज यादव, भाजपा महानगर महामंत्री घनश्याम अग्रवाल, महानगर उपाध्यक्ष सौरभ वाल्मीकि, पार्षद प्रतिनिधि सुदर्शन कटियार, मंडल अध्यक्ष रमन निगम, अमित गुप्ता, मनीष गुप्ता, संदीप वर्मा, योगेंद्र पांडेय, आयुष वाल्मीकि, सुनील अग्रवाल, भारत भूषण गुप्ता सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal