नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सेशेल्स की तीन दिवसीय राजकीय यात्रा शनिवार से शुरू हो रही है। यह यात्रा भारत और सेशेल्स के बीच मजबूत दोस्ती, समुद्री सहयोग और आपसी साझेदारी को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।विदेश मंत्रालय के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी की सेशेल्स यात्रा राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर हो रही है। सेशेल्स अपने राष्ट्रीय दिवस का स्वर्ण जयंती (50वीं वर्षगांठ) समारोह मना रहा है, जिसमें वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले साल 2015 में सेशेल्स गए थे।यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स के राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ बैठक करेंगे। दोनों नेता भारत-सेशेल्स के बीच सहयोग के सभी क्षेत्रों की समीक्षा करेंगे और क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स की नेशनल असेंबली को भी संबोधित करेंगे और वहां रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात करेंगे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal