लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित देश के प्रमुख छह हवाई अड्डों के पास एयरपोर्ट सिटी विकसित करने की परियोजना तैयार की गयी है। इस परियोजना की अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) की पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई अदाणी एयरपोर्ट सिटी लिमिटेड (एएसीएल) ने घोषणा करते हुये बताया कि परियोजना के पहले चरण में बीस हजार करोड़ रूपये का निवेश किया जायेगा।
इस परियोजना में लखनऊ के अलावा चार अन्य राज्यों में स्थित मुंबई, नवी मुंबई, अहमदाबाद, जयपुर और गुवाहाटी में स्थित एयरपोर्ट भी शामिल है। इस परियोजना के अन्तर्गत हवाई अड्डा नेटवर्क के आसपास आतिथ्य, रिटेल, मनोरंजन, कन्वेंशन और व्यावसायिक सुविधाओं को एक साथ जोड़ते हुए सहज रूप से जुड़े, पैदल चलने योग्य दूरी पर शहरी केंद्र विकसित किए जाएंगे।
एएएचएल के निदेशक जीत अदाणी ने कहाकि दुनिया भर में कई हवाई अड्डे व्यापार, पर्यटन और शहरी विकास के प्रमुख केंद्र बन चुके हैं। भारत में विमानन क्षेत्र के विस्तार के साथ हवाई अड्डे निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। कंपनी ऐसे आधुनिक शहरी केंद्र विकसित कर रही है, जो यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ-साथ शहरों के विकास को भी गति देंगे।
यह विकास योजना पांच राज्यों के छह हवाई अड्डों में फैले 655 एकड़ से अधिक भूमि बैंक पर आधारित है। इनमें से करीब 440 एकड़ भूमि केवल मुंबई और नवी मुंबई में स्थित है। प्रस्तावित निवेश का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा भी इन्हीं दोनों शहरों में किया जाएगा, जो देश के प्रमुख वाणिज्यिक, वित्तीय और विमानन केंद्रों में गिने जाते हैं।
इन परियोजनाओं के तहत ऐसे एकीकृत, एयरपोर्ट के नजदीक शहरी केंद्र विकसित किए जाएंगे, जहां यात्री, कारोबार और स्थानीय समुदाय होटल, दफ्तर, खरीदारी, खानपान, मनोरंजन और कन्वेंशन सुविधाओं तक पहुंच पा सकेंगे। इन्हें हवाई अड्डों, मेट्रो और शहर के अन्य ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर से भी सहज रूप से जोड़ा जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके।
कंपनी ने बताया कि यह परियोजना सिंगापुर के चांगी, दुबई इंटरनेशनल, एम्स्टर्डम के शिफोल और सियोल के इंचियोन जैसे दुनिया के सफल एयरपोर्ट विकास मॉडलों से प्रेरित है। इसका उद्देश्य भारत के तेजी से बढ़ते विमानन क्षेत्र में हवाई अड्डों को विकास और आर्थिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करना है।
जीत अदाणी ने कहा, इन परियोजनाओं की रूपरेखा वैश्विक डिजाइन और इंजीनियरिंग विशेषज्ञों के सहयोग से तैयार की जा रही है। इसमें होटल, खरीदारी, कार्यस्थलों और मनोरंजन क्षेत्र की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखा गया है। हमारा लक्ष्य ऐसे शहरी केंद्र विकसित करना है, जो कनेक्टिविटी और अनुभव को साथ लेकर आएं, आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दें, रोजगार के अवसर पैदा करें और आसपास के समुदायों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सुनिश्चित करें।
लॉन्च कार्यक्रम के दौरान कंपनी ने परियोजना की योजना, डिजाइन, निर्माण और प्रबंधन से जुड़े अपने विभिन्न साझेदारों को भी सम्मानित किया। इनमें मास्टर प्लानिंग और आर्किटेक्चर क्षेत्र से कोहन पेडरसन फॉक्स (केपीएफ), बेनॉय और जनेरा स्पेसय निर्माण, डिजाइन और बिल्ड क्षेत्र से लार्सेन एंड टुब्रो (एलएंडटी), टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड और पीएसपी प्रोजेक्ट्स लिमिटेड तथा कंसल्टिंग और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट क्षेत्र से सीबीआरई, जेएलएल और कुशमैन एंड वेकफील्ड जैसी कंपनियां शामिल हैं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal