Monday , June 22 2026

पवन कुमार पांडेय बने सुभासपा के प्रदेश सचिव

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने प्रतापगढ़ निवासी एडवोकेट पवन कुमार पांडेय को उत्तर प्रदेश का प्रदेश सचिव नियुक्त किया है।

पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पवन कुमार पांडेय को पीला अंगवस्त्र पहनाकर उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण राजभर भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि पवन कुमार पांडेय पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों के प्रति समर्पित हैं। उनके अनुभव और जनसंपर्क क्षमता का लाभ पार्टी को प्रदेश स्तर पर मिलेगा तथा संगठन को नई ऊर्जा प्राप्त होगी।

नवनियुक्त प्रदेश सचिव पवन कुमार पांडेय ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि वे पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।