लखनऊ। अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव पर सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी और आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने के मामले में कानपुर साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश के रीवा से आरोपी नागेश्वर सिंह बघेल को गिरफ्तार किया है। रविवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसे जमानत भी दे दी।यह मामला तब सामने आया जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव प्रवीण यादव ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने डिजिटल ट्रैकिंग, सोशल मीडिया गतिविधियों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से आरोपी नागेश्वर सिंह बघेल की पहचान की और उसे गिरफ्तार किया।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को रविवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई। पुलिस फिलहाल मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। जांच में पता चला है कि एक आरोपी भरत पटेल का सोशल मीडिया अकाउंट अमेरिका से संचालित हो रहा था, जिसकी जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, तीसरे आरोपी विनोद कुमार का घर जौनपुर जिले में है और वह ऑटो चालक का काम करता है।साइबर पुलिस इस मामले में गहन जांच कर रही है। आरोपी नागेश्वर बघेल, भरत पटेल और विनोद कुमार के खिलाफ आईटी एक्ट और मानहानि का मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता प्रवीण यादव ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने अखिलेश यादव की बेटी की एडिटेड तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल की और उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसमें यह भी कहा गया कि आरोपियों ने बेटी की गरिमा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि जिनके परिवार नहीं होते, वे परिवारवालों के दुख को नहीं समझ सकते हैं। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बेटी-बेटी होती है, उसके खिलाफ ऐसी टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने तुरंत पुलिस को निर्देश दिए कि एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal