गोमती नदी से 30 कुंतल कचरा निकालकर मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्वच्छ पर्यावरण आंदोलन सेना द्वारा रविवार को गोमती नदी तट पर स्वच्छता अभियान और योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत स्वयंसेवकों ने गोमती नदी से लगभग 30 कुंतल कचरा निकालकर स्वच्छता का संदेश दिया तथा इसके बाद सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया।


संयोजक एवं पार्षद रंजीत सिंह के नेतृत्व में प्रातः 5:30 बजे हनुमान सेतु के निकट झूलेलाल पार्क स्थित गोमती नदी तट पर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने नदी और उसके तटों की सफाई करते हुए प्लास्टिक, पॉलीथीन तथा अन्य अपशिष्ट सामग्री को बाहर निकाला।

इसके उपरांत गोमती नदी तट पर विधिवत अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर निगम लखनऊ के जोन-3 द्वारा योग दिवस के आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। योग प्रशिक्षक किरण ने लगभग 45 मिनट तक प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास कराया। उन्होंने नियमित योग को स्वस्थ जीवन की कुंजी बताते हुए इसके महत्व पर भी प्रकाश डाला।


कार्यक्रम में प्रीति जैन, अर्चना सिंह, शगुन तिवारी, शक्ति तिवारी, शगुन दुबे, उदय सिंह, विष्णु तिवारी, विवेक जोशी, महेंद्र प्रताप सिंह, कमल दुबे, वीरेंद्र जोशी, कमलेश चौधरी, रिंकू सिंह, परवेश यादव, अजय जोशी, पवन, रामकुमार वाल्मीकि, आनंद वर्मा, ललित कश्यप, मनोज सिंह, शैलेन्द्र सिन्हा, अनुग्रह सिंह, पंकज तिवारी, मुकेश चौरसिया, सुमित कश्यप, महेंद्र कश्यप, सोनू कश्यप, जे.पी. गुप्ता, परमेश जोशी, अंशुल बंसल, शिव सोनी, सुनील पटेल, संकल्प शर्मा, नैतिक साहू, अखिल वर्मा, राजेश जोशी सहित अनेक स्वयंसेवकों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर रंजीत सिंह ने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ जीवन एक-दूसरे के पूरक हैं। योग जहां व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनाता है, वहीं स्वच्छता अभियान समाज और पर्यावरण को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने लोगों से गोमती नदी को स्वच्छ बनाए रखने और नियमित रूप से योग अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। आयोजन ने स्वच्छता और योग के माध्यम से स्वस्थ समाज निर्माण का संदेश दिया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal