नई दिल्ली : केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने लोगों से योग को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि भारत को विकसित राष्ट्र बनने का अपना सपना पूरा करना है तो योग और फिटनेस को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा।नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में रविवार को आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मांडविया शामिल हुए। इस कार्यक्रम में अभिनेता एवं फिटनेस आइकन अक्षय कुमार भी उनके साथ शामिल हुए। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तहत ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ द्वारा आयोजित सामूहिक योग सत्र के लिए स्टेडियम में लगभग 3,000 प्रतिभागी जुटे।केंद्रीय मंत्री ने सामुदायिक भागीदारी के जरिए व्यवहारगत बदलाव और बीमारी से बचाव वाली स्वास्थ्य सेवा को बढ़ावा देने में ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ की भूमिका को रेखांकित किया। प्रतिभागियों के साथ बातचीत के दौरान खेल मंत्री ने अच्छी सेहत बनाए रखने और दैनिक जीवन में योग एवं साइकिल चलाने जैसी फिटनेस गतिविधियों को अपनाने के महत्व पर जोर दिया।अभिनेता अक्षय कुमार ने भी शारीरिक एवं मानसिक सेहत को बढ़ावा देने में योग के महत्व पर जोर दिया और लोगों को फिटनेस को अपनी नियमित आदत बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। इसके बाद कोलकाता से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन की लाइव-स्ट्रीमिंग और प्रसिद्ध योग एवं वेलनेस इंस्ट्रक्टर अनुष्का परवानी के नेतृत्व में ‘सामान्य योग अभ्यासक्रम’ का सत्र आयोजित किया गया। परवानी को ‘फिट इंडिया आइकन’ के रूप में सम्मानित भी किया गया। फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में योगदान के लिए अक्षय कुमार को भी ‘फिट इंडिया आइकन’ के रूप में सम्मानित किया गया।इस अवसर पर योगासन में भारत की उपलब्धियों को भी सराहा गया और अहमदाबाद में हाल ही में संपन्न हुई वर्ल्ड योगासन स्पोर्ट चैंपियनशिप में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ‘फिट इंडिया चैंपियन’ के रूप में सम्मानित किया गया।इस कार्यक्रम में खेल सचिव हरि रंजन राव, युवा कार्यक्रम की सचिव पल्लवी जैन गोविल, खेल मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी तथा खेल जगत से जुड़े लोग शामिल हुए।औपचारिक कार्यक्रम के बाद प्रतिभागियों ने योग से जुड़ी गतिविधियों, विशेषज्ञों की देखरेख में परामर्श सत्र और भारत की पारंपरिक फिटनेस पद्धतियों को दर्शाने वाले मल्लखंब के प्रदर्शन में हिस्सा लिया।देशभर में हुए इस आयोजन से ‘फिट इंडिया’, ‘माई भारत’ और ‘योगासन भारत’ जैसी प्रमुख पहलों के बीच बेहतर जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए बेहतर आपसी तालमेल की झलक मिली।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal