लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारत सरकार के निर्देशों के अनुपालन में केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान संस्थान (CRIH) जानकीपुरम में स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों और संस्थागत जिम्मेदारियों पर आधारित एक व्यापक प्रस्तुति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रभारी अधिकारी (ओआईसी) डॉ. लिपिपुष्पा देबता के प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

प्रस्तुति का मुख्य उद्देश्य स्वच्छ भारत अभियान के मूल मंत्र “एक कदम स्वच्छता की ओर” को संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच और अधिक प्रभावी ढंग से स्थापित करना था। इस दौरान ओपीडी तथा अनुसंधान विंग में अपशिष्ट प्रबंधन, नैदानिक स्वच्छता और सार्वजनिक स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में संस्थान के भीतर स्वच्छता मानकों को सुदृढ़ करने तथा कचरा प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए एक सख्त आंतरिक कार्ययोजना (ब्लूप्रिंट) प्रस्तुत की गई। विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य सेवाओं में स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण न केवल रोगों की रोकथाम में सहायक होता है, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी आवश्यक है।
संस्थान प्रशासन ने सभी कर्मचारियों से स्वच्छता संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने और स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प भी लिया गया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal